Umpire Death: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से दुखद खबर सामने आई है. यहां शुक्लागंज स्थित सप्रू मैदान में क्रिकेट मैच के दौरान अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. इस हमले में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA ) के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता की मौत हो गई है. मानिक गुप्ता केडीएम लीग के मुकाबले में अंपायरिंग कर रहे थे.
मधुमक्खियों के झुंड का हमला
बताया जा रहा है कि बुधवार को जिले के शुक्लागंज में स्थित सप्रू मैदान पर क्रिकेट का लीग मैच खेला जा रहा था. इस मैच के दौरान मधुमक्खियों के एक झुंड ने अंपायर और खिलाड़ियों पर अचानक हमला कर दिया. मधुमक्खियों के झुंड ने अंपायर मानिक गुप्ता और जगदीश शर्मा को करीब 10 मिनट तक डंक मारती रहीं, जिसमें अम्पायर मानिक गुप्ता बुरी तरह घायल हो गए. गंभीर हालत में उन्हें शुक्लागंज के प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया गया. फिर कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया. जहां से उन्हें डॉक्टर्स ने कार्डियोलॉजी रेफर कर दिया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस हादसे मे जान गंवाने वाले मानिक गुप्ता की चार बेटियों और परिजनों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को होने वाला है. मधुमक्खियों के हमले से कई अन्य खिलाड़ी भी घायल बताए जा रहे हैं.
KCA के अंपायर ने बताई पूरी कहानी
शुक्लागंज के रहने वाले kCA के अंपायर सुनील का कहना है कि सप्रू मैदान में सेकंड इनिंग का मैच खेला जा रहा था. इस दौरान मधुमक्खियां की झुंड ने क्रिकेट खेल रहे खिलाड़ियों और अंपायर पर हमला कर दिया. जिस समय यह हमला हुआ था, उस समय हम सब लोग पानी पी रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियां आ गईं. हम लोगों ने कहा कि जमीन पर लेट जाइए, लेकिन उसके बाद भी मधुमक्खियों का हमला जारी रहा. इस हमले से मानिक गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान कानपुर में मौत हो गई.
कौन थे मानिक गुप्ता?
आपको बता दें, 65 वर्षीय मानिक गुप्ता कानपुर के फीलखाना के रहने वाले थे. वह पिछले 30 सालों से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) से जुड़े हुए थे. वह स्थानीय क्रिकेट सर्किट (जैसे केडीएमए लीग) के एक अनुभवी अंपायर माने जाते थे. उनके निधन से कानपुर से उन्नाव तक मातम पसरा हुआ है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में अंधविश्वास ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार, पेट्रोल डालकर जलाया जिंदा…
