महाराष्ट्र के पुणे में शिवाजी जयंती पर शिवनेरी किले पर भगदड़ मच गई. इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
शिवनेरी किले पर मची भगदड़
महाराष्ट्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. महाराष्ट्र के पुणे में मौजूद शिवनेरी किले पर शिवाजी जयंती के दौरान भगदड़ मच गई. जानकारी के मुताबिक यहां भारी भीड़ उमड़ गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. पतले रास्तों में भगदड़ और धक्का-मुक्की के कारण बच्चों और महिलाओं सहित कई लोग घायल हुए हैं. हादसे में घायल सभी लोगों को जुन्नर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली है शिवनेरी किला
आपको बता दें कि पुणे में छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली शिवनेरी किला मौजूद है. जिसके चलते यहां शिवाजी जयंती के दौरान गुरुवार को भारी भरकम भीड़ उमड़ी. इसी दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और इसी भगदड़ में महिलाओं और छोटे बच्चों समेत कई श्रद्धालु घायल हो गए. जिसके बाद में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
अफवाहों से बचने की अपील
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक शिवनेरी किले में भारी भीड़ से एक रेलिंग टूट गया, जिसके बाद भगदड़ मच गई. एसपी संदीप गिल ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में 3 से 4 लोगों को चोटें आई हैं. उन्होंने बताया कि हादसे में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है. वहीं स्थानीय लोगों की मानें तो घायलों की संख्या बढ़ भी सकती है. प्रशासन ने अफवाहों से बचने की लोगों से अपील की है.
घायलों को कराया गया अस्पताल में भर्ती
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बात करते हुए बताया कि अंबरखाना के नीचे मौजूद हाथी दरवाजा क्षेत्र और गणेश दरवाजा जैसा पतले और छोटे रास्तों पर अचानक से भीड़ इकट्ठा हो गई थी, जिसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ लोग गिर गए. इसी दौरान पीछे से आ रही भीड़ का दबाव बना और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत ही घायलों को भीड़ से बाहर निकाला और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया.
यह भी पढ़ें- व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दी पेपर की फोटो, नकल कराने का था प्लान, टीचर सहित 3 सस्पेंड
