US hate crime: अमेरिका के यूटा में एक सनकी हमलावर ने नस्लीय नफरत के चलते भारतीय मूल के मुस्लिम युवक से उसका नाम और धर्म पूछकर उस पर चाकू से 15 बार जानलेवा हमला कर दिया.

US hate crime: अमेरिका के यूटा प्रांत से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. वहां के एक मॉल में एक भारतीय मूल के युवक पर जानलेवा हमला किया गया है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस युवक को सिर्फ उसके धर्म की वजह से निशाना बनाया गया. आरोपी ने पहले पीड़ित का नाम और उसका धर्म पूछा. इसके बाद उसने आव देखा न ताव और युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए. फिलहाल घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है.
पानी मांगने के बहाने किया हमला
यह दर्दनाक घटना यूटा के वेस्ट वैली सिटी में मौजूद एक मॉल की है. भारतीय मूल का युवक सोहेल इस मॉल के एक छोटे से काउंटर पर काम करता था. सोमवार को एक 48 साल का शख्स सोहेल के काउंटर पर आया. उसने सोहेल से उसका नाम और पूछा कि वह कहां का रहने वाला है. सोहेल ने जैसे ही बताया कि वह भारत से है और मुस्लिम है, उस शख्स ने पानी की बोतल मांगी. सोहेल जैसे ही पानी लेने के लिए मुड़ा, आरोपी ने पीछे से चाकू निकालकर उस पर हमला बोल दिया.
15 बार किया चाकू से वार
हमलावर ने सोहेल पर एक के बाद एक करीब 15 बार चाकू से वार किए. वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला. पास की दुकान में काम करने वाली एक महिला ने सोहेल को बचाने के लिए हमलावर पर सामान भी फेंका. लेकिन आरोपी बेहद बेरहमी से सोहेल को गोदता रहा. इस भयानक हमले में सोहेल के शरीर पर गहरे घाव हो गए और बहुत ज्यादा खून बह गया. अस्पताल में उसकी जान बचाने के लिए अब तक कई सर्जरी की जा चुकी हैं.
मॉल के लोगों ने दिखाई बहादुरी
इस खौफनाक मंजर को देखकर मॉल में हड़कंप मच गया. लेकिन वहां मौजूद कुछ बहादुर लोगों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए हमलावर को पीछे से दबोच लिया. लोगों ने आरोपी को जमीन पर गिराकर तब तक पकड़े रखा, जब तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंच गई. पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान पीटर माइकल लार्सन के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि आरोपी पर हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.
आरोपी के सिर पर सवार था खून
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने सबको चौंका दिया है. आरोपी ने माना कि उसने सोहेल को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वह मुस्लिम था. उसने पुलिस के सामने कबूला कि वह मुसलमानों को जान से मारना चाहता था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसने साल 2022 में भी अपने घर के बाहर आग लगा दी थी और दमकलकर्मियों को गोली मारने की धमकी दी थी. सोहेल के परिवार में वह अकेला कमाने वाला है और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनके लिए लोग अब मदद की गुहार लगा रहे हैं.
