मध्य प्रदेश के जबलपुर में प्रेम प्रसंग में विवाद के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. युवती के वर्तमान बॉयफ्रेंड और EX बॉयफ्रेंड के बीच में विवाद हुआ और यह विवाद हिंसा में बदल गया. घटना में एक युवक की मौत हो गई वहीं एक गंभीर रूप से घायल हुआ है.
प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या
मध्य प्रदेश के जबलपुर से प्रेम प्रसंग का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती के साथ 2 लड़के प्रेम में थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और यह विवाद हिंसा में बदल गया. इस हिंसा में एक युवक की मौत हो गई और एक घायल हो गया. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं 3 आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है.
युवती के 2 प्रेमियों में हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र का है. यहां प्रेमिका के लिए खूनी संघर्ष हुआ और 16 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वहां एक युवक गंभीर रूप से घायल भी हुआ है. मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है. गढ़ा सीएसपी आशीष जैन ने बताया कि मामले की जांच में सामने आया है कि एक युवती के 2 प्रेमी थे और उन्हीं दोनों के बीच विवाद हुआ था.
वर्तमान और EX बॉयफ्रेंड के बीच चल रहा था तनाव
सीएसपी आशीष जैन के मुताबिक युवती के EX बॉयफ्रेंड कृष्ण मिश्रा उर्फ राम मिश्रा और वर्तमान बॉयफ्रेंड यशराज पटेल के बीच में पहले से ही तनाव चल रहा था. उन्होंने बताया कि कई बार दोनों का आमना-सामना भी हो चुका था. घटना वाले दिन जब दोनों पक्ष एक दूसरे के सामने आए तो विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया. दोनों प्रेमी अपने-अपने साथियों के साथ एक दूसरे से भिड़ गए.
EX बॉयफ्रेंड के साथी की चाकू मारकर हत्या
बताया जा रहा है कि दोनों प्रेमियों के बीच झड़प हुई और इस झड़प के दौरान युवती के EX बॉयफ्रेंड कृष्ण मिश्रा के साथी ऋषभ पटेल की युवती के वर्तमान बॉयफ्रेंड यशराज और उसके साथियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले में जांच शुरू कर दी. स्थानीय लोगों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सामने आया कि यशराज अपने 5 साथियों के साथ दोपहिया वाहनों पर आया था और सभी ने वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने गिरफ्तार किए 3 आरोपी
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी यशराज पटेल के साथ उसके साथी अंशराज धुर्वे और अमन कटारिया को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है, वहीं बाकी के 3 आरोपियों की तलाश लगातार जारी है. बताया जा रहा है कि बॉयफ्रेंड के जेल जाने के बाद युवती ने नया बॉयफ्रेंड बना लिया था, जिसके बाद इसी बात को लेकर पुराने बॉयफ्रेंड ने विरोध किया और दोनों पक्षों में झड़प होकर यह मामला खूनी हिंसा में बदल गया.
यह भी पढ़ें- आतंकी शब्बीर की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा; पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था लश्कर-ए-तैयबा का शब्बीर
