देहरादून/नई दिल्ली: भारत के महानतम निशानेबाजों में शुमार, ‘गोल्डन बॉय’ और ‘पिस्टल किंग’ जैसे उपनामों से दुनिया भर में अपनी धाक जमाने वाले जसपाल राणा का महज 49 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने दिल्ली के मैक्स साकेत अस्पताल में अंतिम सांस ली। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के अध्यक्ष कालीकेश नारायण सिंह देव ने इस अपूरणीय क्षति की पुष्टि की है.
उत्तराखंड की माटी से था गहरा नाता
28 जून 1976 को उत्तराखंड (तत्कालीन उत्तर प्रदेश के टिहरी गढ़वाल) में जन्मे जसपाल राणा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देवभूमि का नाम सोने के अक्षरों में चमकाया था. उत्तराखंड के चिलमुई गांव (टिहरी) से ताल्लुक रखने वाले जसपाल राणा को उनकी अचूक निशानेबाजी के लिए राज्य का ‘गोल्डन बॉय’ कहा जाता था. उत्तराखंड की सरकार और खेल प्रेमियों के लिए वे हमेशा एक आदर्श रहे. उनके निधन की खबर मिलते ही समूचे उत्तराखंड और खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
म्यूनिख से लौटते समय बिगड़ी थी तबीयत
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, इसी महीने 1 जून को जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ (ISSF) वर्ल्ड कप से भारतीय टीम के साथ लौटते समय फ्लाइट में जसपाल राणा को सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई थी. दिल्ली लैंड करते ही उन्हें तुरंत मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके दिल के ब्लॉकेज को हटाने के लिए स्टेंट (Stent) डाला था। शुरुआती सुधार के बाद गुरुवार रात अचानक उनकी स्थिति फिर बिगड़ गई और शुक्रवार तड़के उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
खिलाड़ी से लेकर ‘द्रोणाचार्य’ तक का बेमिसाल सफर
जसपाल राणा वर्तमान में भारतीय 25 मीटर पिस्टल टीम के हाई-परफॉर्मेंस कोच के रूप में सेवा दे रहे थे। उन्होंने पेरिस ओलंपिक में भारत को डबल मेडल जिताने वाली स्टार निशानेबाज मनु भाकर को मेंटर और कोच के रूप में तैयार किया था. एक खिलाड़ी के तौर पर उनका करियर चमत्कारी था: उन्होंने एशियाई खेलों में देश को 4 गोल्ड सहित कुल 8 मेडल दिलाए (1994 हिरोशिमा में महज 18 साल की उम्र में पहला गोल्ड जीता था. राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने 9 गोल्ड सहित कुल 15 मेडल जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाया. देश के प्रति उनकी महान सेवाओं के लिए उन्हें अर्जुन अवार्ड, पद्मश्री और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.
ये भी पढ़ें: संघ प्रमुख मोहन भागवत की ट्रेन पर हमला! कोच का बाहरी शीशा क्षतिग्रस्त; फिरोजाबाद में पथराव से मचा हड़कंप
