झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में कोल्ड ड्रिंक की बोतलों से लदा एक वाहन पलट गया. जिसके बाद चालक की मदद करने की बजाय लोग कोल्ड ड्रिंक की बोतलों को लूटते नजर आए.
लोडिंग वाहन सड़क पर पलटा
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा इलाके में एक लोडिंग वाहन पलट गया, जिसके बाद लोग वाहन की तरफ दौड़ पड़े. जानकारी के मुताबिक वाहन में कोल्ड ड्रिंक की बोतलें मौजूद थीं, जो वाहन पलटने के बाद सड़क पर बिखर गईं. कोल्ड ड्रिंक के सड़क पर बिखरने के बाद नजारा बिल्कुल अलग दिखा.
कोल्ड ड्रिंक लूटने लगे लोग
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना शनिवार सुबह लगभग 9.30 बजे हुई. कोल्ड ड्रिंक से लदा वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. इस घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए. हालांकि वहां पहुंचने वाले लोगों ने मदद करने की बजाय कोल्ड ड्रिंक की बोतलों को लूटना शुरू कर दिया. जिसके हाथ में जितनी बोतलें लगीं, वह लेकर भागने लगा.
घायल की नहीं की मदद
इस हादसे के बाद कई लोग दर्जनों बोतलों को अपने साथ ले जाते दिखे. इस हादसे में वाहन चालक भी घायल हुआ, लेकिन किसी ने भी उसकी मदद करना उचित नहीं समझा. घायल चालक किसी तरह से वाहन के बाहर निकला और उसने लोगों को कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लूटने से रोकने की कोशिश की. इस दौरान किसी ने भी चालक की बात नहीं सुनी और लूटपाट जारी रखी.
खुद ही गया इलाज के लिए
हादसे के बाद हालात इतने ज्यादा खराब हो गए कि चालक को खुद ही इलाज के लिए जाना पड़ा. इस घटना ने एक बार फिर इंसानियत के ऊपर गंभीर सवाल उठा दिए हैं. वाहन चालक ने वाहन और उसमें मौजूद सामान को वहीं छोड़ दिया और खुद ही अकेले इलाज के लिए आगे बढ़ा.
