झारखंड से जंगली हाथी के हमले की खबरें कई बार हमारे सामने आती हैं. झारखंड के कई जिलों में जंगली हाथी का आतंक फैला हुआ है. अब एक ऐसी ही घटना झारखंड के हजारीबाग जिले से सामने आई है. जिले में बुधवार की रात जंगली हाथी के हमले एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई.
जंगली हाथी ने किया हमला
झारखंड के हाजरीबाग जिले से दर्दनाक घटना सामने आई है. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चुटियारों गांव में बुधवार की रात लगभग 11 बजे जंगली हाथी ने एक व्यक्ति के ऊपर हमला कर दिया. इस हमले में व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई है. जंगली हाथी के हमले की इस घातक घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है.
झुंड से बिछड़ गया था हाथी
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इलाके में एक जंगली हाथी कई दिनों से घूम रहा था, बताया जा रहा है कि यह जंगली हाथी झुंड से बिछड़ गया था. यह बिछड़ा हुआ हाथी बुधवार की रात में अचानक से चुटियारो गांव में आ गया और अपने घर के बाहर मौजूद एक व्यक्ति इसके सामने आ गया. जब जंगली हाथी ने उस व्यक्ति को देखा, तो उसके ऊपर हमला कर दिया. हाथी ने व्यक्ति के ऊपर हमला करते हुए उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
व्यक्ति की पत्नी भी घायल
इस घटना में उस युवक की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हुई है. बताया जा रहा है कि जब व्यक्ति के ऊपर हाथी ने हमला किया, तो उसकी पत्नी उसे बचाने के लिए कोशिश करने लगी, जिससे हाथी के हमले से वह भी बुरी तरह से घायल हो गई. इस घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद मौके पर ही ग्रामीण पहुंच गए. ग्रामीणों ने घायल महिला को इलाज के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया.
गांव वालों में गुस्सा
महिला के इस हमले में काफी गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज किया जा रहा है. इस घटना के बाद गांव वालों में काफी गुस्सा नजर आ रहा है. गांव वालों का कहना है कि जंगली हाथी कई दिनों से इलाके में घूम रहा था, लेकिन उसे पकड़ने और गांव के लोगों की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने किसी भी तरह का ठोस कदम नहीं उठाया. ग्रामीणों ने इलाके में निगरानी बढ़ाने और हाथी को जंगल में भेजने की मांग की है. इस पूरे मामले में मुफ्फसिल पुलिस और वन विभाग की टीम जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: देश के 12 युवाओं को ही मिलेगा ये सुनहरा अवसर, आज ही भरें सरकारी फेलोशिप नहीं तो हाथ से चला जाएगा मौका
