राजस्थान के जोधपुर जिले के चामू क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है. इस हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है. दरअसल, प्रहलादपुरा गांव में सोमवार के दिन पर खेत में पानी से भरे होद में डूबने की वजह से 3 मासूम बच्चों की मौत हो गई है.
इस हादसे ने एक ही परिवार के दो सगे बेटों को छिन लिया है. दरअसल, इस हादसे में दो सगे भाई की मौत हुई है. बच्चों की पहचान 10 वर्षीय जसवंत गिरी, 12 वर्षीय खुशाल गिरी और 13 वर्षीय महेश गिरी के रूप में की गई है. खुशाल और जसवंत सगे भाई थे.
जोधपुर ग्रामीण पुलिस की दी जानकारी के मुताबिक तीन बच्चे शाम को घर में खेल रहे थे. खेलते-खेलते वह अचानक ही कृषि होद के पास पहुंच गए. संभावना जताई जा रही है कि एक बच्चा पहले होद में गिरा था, जिसके बाद बाकी दोनों बच्चे उसको बचाने में गिर गए. गहरा पानी होने की वजह से कोई भी बाहर नहीं आ पाया, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई.
देर शाम घर वापस न आने के बाद में परिवार वालों को चिंता हुई, जिसके बाद खोजबीन में तीनों बच्चे होद में दिखाई दिए. स्थानीय लोगों ने तीनों को निकाला और फिर अस्पताल लेकर के गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मामले की जानकारी मिलते ही चामू थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की गई. पुलिस ने शुरुआती जांच में मामला खेल-खेल में होद में गिर जाने का दर्ज किया है. हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के भाई पर किसान पर फायरिंग का आरोप! जमीन विवाद में चलवाई गोली?
