उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सिपाही ने छात्रा के साथ दोस्ती करके और शादी का झांसा दिया और कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया. बाद में वह शादी की बात से मना करने लगा. पुलिस ने सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है.

सिपाही ने छात्रा से किया दुष्कर्म
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां पुलिस के एक सिपाही ने ट्रेन में छात्रा के साथ दोस्ती कर ली, जिसके बाद उसे नौकरी और शादी का झांसा दिया. जब सिपाही ने छात्रा का भरोसा जीत लिया, तो उसे मिलने बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया. आरोपी ने इस दौरान छात्रा की वीडियो भी बना ली और उसे वायरल करने की धमकी देने लगा.
ट्रेन में हुई थी मुलाकात
जानकारी के मुताबिक आरोपी सिपाही योगेंद्र सिंह अलीगढ़ का रहने वाला है और वह कानपुर के पुलिस लाइन में तैनात था. उसकी मुलाकात ट्रेन में सफर करते हुए 19 जनवरी को एक छात्रा के साथ हुई थी. छात्रा अपनी परीक्षा देने जा रही थी. इसी दौरान उसने छात्रा के दोस्ती कर ली और उससे कहा कि मैं कानपुर में तैनात हूं, तुम्हारी मदद कर दूंगा. जिसके बाद उसने छात्रा को काफी कुछ बताया और भरोसा दिलाया. छात्रा को योगेंद्र पर भरोसा हो गया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया.
मां से भी की शादी की बात
फोन नंबर लेने के बाद में सिपाही योगेंद्र ने छात्रा को कई बार फोन किया, जिसके बाद 22 फरवरी को उसे पुलिस लाइन के पास मिलने के लिए बुलाया. इसी दौरान आरोपी सिपाही ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया. जब छात्रा ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो उसने शादी का झांसा दिया. जिसके बाद उसने छात्रा की मां से भी शादी की बात की. छात्रा का आरोप है कि योगेंद्र ने कई बार दुष्कर्म किया और फिर शादी से मना कर दिया.
पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी
इस शिकायत को लेकर अब पीड़िता सोमवार को कानपुर के पुलिस कमिश्नर के पास पहुंची. इस दौरान उसने आरोपी सिपाही का वॉट्सएप चैट भी दिखाया है. जिसके बाद पुलिस कमिश्नर ने इस मामले में तुरंत आदेश दिए और सिपाही योगेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे तुरंत ही गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल छात्रा के बयानों को दर्ज कराया जा रहा है और उसे मेडिकल के लिए भेजा जाएगा.
यह भी पढे़ं- अंबेडकर जयंती पर भारी बवाल! पुलिस की गाड़ियों में लगाई आग, 20 जवानों के साथ पत्रकार भी घायल
