कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने यह फैसला सीएम आवास पर कैबिनेट बैठक के दौरान लिया और घोषणा की है. अब डीके शिवकुमार के सीएम बनने का रास्ता साफ हो गया है.

सिद्धारमैया ने किया इस्तीफा का ऐलान
कर्नाटक की राजनीति में इन दिनों हलचल मची हुई है. अब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को इस्तीफे को लेकर ऐलान कर दिया है. जानकारी के मुताबिक बेंगलुरु में मुख्यमंत्री आवास पर उन्होंने मंत्रियों के साथ में ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान यह घोषणा की है. बताया जा रहा है कि अब दोपहर 3 बजे सिद्धारमैया लोकभवन जाएंगे और वहां राज्यपाल ऑफिस को अपना इस्तीफा सौंपेंगे.
कैबिनेट बैठक के दौरान की घोषणा
आपको बता दें कि सीएम अपना इस्तीफा राज्यपाल ऑफिस को सौंपेंगे क्योंकि कर्नाटक के गर्वनर इस दौरान मध्य प्रदेश के इंदौर में हैं. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सुबह साढ़े दस बजे कैबिनेट की मीटिंग बुलाई थी. इस बैठक के दौरान उन्होंने अपने इस्तीफे को लेकर ऐलान किया है. अब ऐसा माना जा रहा है कि उनके इस्तीफे के बाद डीके शिवकुमार का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय हो गया है.
ढाई साल की थी शर्त
कांग्रेस की सरकार कर्नाटक में साल 2023 में बनी थी और 23 मई को सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. इस दौरान डीके शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था. उस दौरान ढाई साल की शर्त को लेकर बात हुई थी, जिसके चलते पहले ढाई साल सिद्धारमैया और आगे के ढाई साल डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री रहेंगे. हालांकि सरकार के 3 साल होने के बाद भी यहां सत्ता परिवर्तन नहीं हो रहा था, जिसको लेकर सिद्धा और डीके का खेमा बंट गया था.
डीके शिवकुमार बन सकते मुख्यमंत्री
अब डीके खेमा के लोग उन्हें सीएम बनाने को लेकर मांग कर रहे थे. आपको बता दें कि इसको लेकर बीते दिनों से हलचल मची हुई है. पहले सीएम सिद्धारमैया कुर्सी छोड़ने को राजी नहीं थे, लेकिन राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद वे राजी हो गए थे. अब सिद्धारमैया ने इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद डीके शिवकुमार की मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ होता दिखाई दे रहा है.
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा को सीएम धामी ने दी बड़ी सौगात! 138 करोड़ की 26 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण; बदलेगी जिले की तस्वीर
