श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के गेट नंबर 4B पर तैनात PAC के एक सिपाही की बंदूक से गोली चलने की घटना हुई है. इस दौरान 3 लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

काशी विश्वनाथ मंदिर में चली गोली
उत्तर प्रदेश के काशी से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. धर्मनगरी काशी के सबसे हाई सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के गेट नंबर 4B पर तैनात PAC के एक सिपाही की सरकारी बंदूक से अचानक दुर्घटनावश गोली चलने की घटना सामने आई है. यह पूरी घटना शनिवार सुबह के समय की बताई जा रही है.
3 लोगों को आई चोट
जानकारी के मुताबिक इस घटना में वहां मौजूद 3 लोग घायल हुए हैं. हालांकि गनीमत रही कि इस दौरान गोली सीधे जाकर किसी को नहीं लगी. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. गोली चलने के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा में तैनात अन्य अधिकारियों और पुलिस की टीम ने स्थित को संभाला. इस मामले में को लेकर वाराणसी में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने जानकारी दी है.
भीड़ को हटा रहा था सिपाही
उन्होंने बताया कि सुबह के समय ड्यूटी पर मौजूद जवान के द्वारा भीड़ को हटाया जा रहा था, इसी दौरान नंदू फारिया गली में अचानक से एक्सीडेंटल फायरिंग हो गई. गोली के प्रभाव से आस-पास मौजूद पत्थर या गिट्टी के टुकड़े वहां मौजूद 3 फूल विक्रेताओं को लग गए. घटना के बाद तुरंत ही सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में इमरजेंसी मेडिकल टीम ने उनका परीक्षण किया.
2 लोगों के हाथ में लगी चोट
शिवहरि मीणा ने बताया कि 2 लोगों के हाथ में हल्की चोट लगी है और उन्हें इलाज दे दिया गया है. उन्होंने बताया कि परीक्षण के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि भीड़ को हटाते समय यह घटना हुई है. इस दौरान 3 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनको इलाज के लिए तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया. यह पूरी घटना काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4B पर तैनात एक सिपाही की सरकारी बंदूक से हुई है.
यह भी पढ़ें- कम होता है गाड़ियों का माइलेज…, एथेनॉल को लेकर हरदीप पुरी का बड़ा बयान; बोले- रेसिंग कारों में भी हो रहा इस्तेमाल
