उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर ने अपनी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है और जांच को शुरू कर दिया है.
बैंक के डिप्टी मैनेजर ने की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र के आदिल नगर में एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर ने सोमवार को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया. मृतक की पहचान 34 साल के काजी अहमद जैद के रूप में की गई है. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है.
घर की छत पर मिला व्यक्ति का शव
जानकारी के मुताबिक गोंडी के रहने वाले अहमद जैद का शव उनके ही घर की छत पर बने स्टोर रूम के बाहर खून से हथपथ हालत में मिला है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच को शुरू कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल और मोबाइल फोन को जब्त किया है. पुलिस ने बताया कि गुडंबा थाने के आदिल नगर में रहने वाले डिप्टी मैनेजर के सुसाइड करने की सूचना मिली थी.
देर रात शादी समारोह से लौटा था व्यक्ति
पूछताछ में जैद के परिजनों ने बताया कि रविवार रात में जैद एक शादी समारोह के वापस लौटे थे और सोमवार सुबह को उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया. बताया जा रहा है कि जब सुबह जैद की पत्नी की नींद खुली तो वह कमरे में मौजूद नहीं थे. जिसके बाद शुरुआत में परिजनों को लगा कि वह अपनी ड्यूटी पर गए होंगे, लेकिन उनके दोनों मोबाइल फोन कमरे में मौजूद थे और उनकी गाड़ी भी घर से बाहर खड़ी हुई थी.
मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
मोबाइल और गाड़ी को देखकर परिवार को शक हुआ, जिसके बाद तलाश करने पर छत पर बने स्टोर रूम के बाहर उन्हें जैद का शव पड़ा हुआ मिला. बता दें कि मौके से किसी भी तरह का कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं किया गया है, जिसके चलते जैद की मौत एक रहस्य बनी हुई है. पुलिस की टीम मृतक की कॉल रिकॉर्ड्स और पारिवारिक स्थिति की जांच कर रही है. हालांकि अभी तक परिजनों ने किसी तरह की तहरीर नहीं दी है. औपचारिक रूप से तहरीर मिलने के बाद ही पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.
