मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में चिकन खाते समय एक 24 साल के युवक के गले में हड्डी अटक गई, जिसके बाद उसे परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में युवक के गले से हड्डी निकाल दी गई है.
युवक के गले में अटकी हड्डी
मध्य प्रदेश से एक हैरान करने वाली घटना सामने आयी है. राज्य के शाजापुर जिले में चिकन खाते समय एक 24 साल के युवक के गले में हड्डी फंस गई. जिसके बाद उसे सांस लेने में काफी दिक्कत होने लगी और उसकी हालत गंभीर हो गई. जिसके बाद युवक के परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां उसे भर्ती कर लिया गया और डॉक्टर्स ने उसकी सर्जरी करके गले की हड्डी निकाली.
जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
जानकारी के मुताबिक शाजापुर जिले के कांच के रहने वाले 24 साल के एक कन्हैया लाल नाम का युवक रात के समय चिकन खा रहा था. इसी दौरान अचानक से उसके गले में चिकन की हड्डी अटक गई. हड्डी अटकने के बाद में युवक को सांस लेने में और बोलने में भारी दिक्कत होने लगी. जब इसकी सूचना युवक के परिजनों को मिली तो तुरंत ही परिजनों ने युवक को शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया.
ऑपरेशन करके निकाली गई हड्डी
इस पूरे मामले को अस्पताल में तैनात EMT डॉक्टर तेजपाल सिंह जादौन ने काफी गंभीरता से लिया. जिसके बाद उन्होंने तुरंत की युवक का ऑपरेशन करने का फैसला किया. जिसके बाद में युवक का ऑपरेशन करके उसके गले से हड्डी निकाली गई. ऑपरेशन होने के बाद में अब कन्हैया लाल नाम के युवक की हालत में काफी तेजी से सुधार हुआ है और अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
डॉक्टर्स ने लोगों से की अपील
जानकारी के मुताबिक रविवार को रात में युवक के गले में हड्डी फंसी थी और उसके बाद सोमवार को उसे काफी ज्यादा दर्द होने लगा. जिसके बाद मे सोमवार को युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहीं उसकी सर्जरी की गई. इस मामले के बाद में डॉक्टर्स ने आम लोगों से अपील की है कि खाना खाते समय काफी सावधानी दिखाएं और इस तरह की समस्या महसूस होने पर तुरंत ही अस्पताल में जाएं, जिससे किसी भी तरह की दुर्घटना होने से बच सके.
