मध्य प्रदेश से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आगर मालवा जिले मौजूद शासकीय जिला अस्पताल से एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
जिला अस्पताल से युवक का अपहरण
मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिला मुख्यालय में मौजूद शासकीय जिला अस्पताल से एक युवक का शाम के समय अपहरण कर लिया. इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक व्यक्ति को जबरदस्ती वाहन में बैठाकर अपने साथ ले जा रहे हैं. यह पूरी घटना अस्पताल के परिसर में ही हुई है.
जबरदस्ती उठा ले गए बदमाश
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के मुताबिक एक पीड़ित धीरज सिंह नाम का एक युवक अपने किसी मित्र से मिलने के लिए जिला अस्पताल गया था. जब युवक अस्पताल पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उससे विवाद शुरू कर दिया. विवाद करने के बाद में वे युवक धीरज को जबरदस्ती अपनी बोलेरो गाड़ी में बैठाकर उसका अपहरण करके साथ ले गए.
18 किमी दूर युवक बरामद
इस पूरे मामले की सूचना मिलते ही जिला पुलिस हरकत में आ गई और युवक को तलाश करना शुरू कर दिया. इस पूरे मामले में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवक की तलाश शुरू की. पुलिस की फुर्ती और तत्परता के चलते पुलिस ने आपहरण किए गए व्यक्ति को अस्पताल से लगभग 18 किमी की दूरी पर मौजूद मदकोटा गांव में बरामद कर लिया. पुलिस ने युवक को सुरक्षित रूप से बरामद किया है.
पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
पुलिस ने धीरज सिंह को बरामद किया, तो पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसके साथ मारपीट करने के बाद में उसे वहीं छोड़कर भाग गए. इस मामले में पुलिस ने धीरज के मुताबिक बगद सिंह, बने सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ किडनैपिंग और मारपीट की धाराओं में केस को दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्दी ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
