Prakash raj on bollywood: प्रकाश राज का कहना है कि आज का बॉलीवुड चमकदार जरूर है, लेकिन अपनी जड़ों से कट चुका है और दर्शकों से उसका जुड़ाव कमजोर हो गया है. उनके मुताबिक तमिल और मलयालम सिनेमा आज भी सच्ची और मजबूत कहानियां कह रहे हैं, इसलिए हिंदी सिनेमा को अपनी जड़ों की ओर लौटना चाहिए.

Prakash raj on bollywood: प्रकाश राज ने हाल ही में हिंदी सिनेमा को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है. उन्होंने कहा कि आज का बॉलीवुड अपनी जड़ों से कट चुका है. सब कुछ दिखने में चमकदार है, लेकिन अंदर से खोखला है. उन्होंने इसे प्लास्टिक जैसा बताया है. उनका कहना है कि तमिल और मलयालम सिनेमा आज कहीं ज्यादा मजबूत और ईमानदार फिल्में बना रहा है.
प्रकाश राज केरल लिटरेचर फेस्टिवल में बोल रहे थे. यह कार्यक्रम कोझिकोड में हुआ था. उन्होंने कहा कि मल्टीप्लेक्स के दौर के बाद हिंदी सिनेमा बदल गया है. अब फिल्में सिर्फ शहरों और मल्टीप्लेक्स दर्शकों को ध्यान में रखकर बन रही हैं. ग्रामीण भारत और आम लोगों से उसका रिश्ता टूट गया है. उन्होंने कहा कि पहले फिल्मों में जमीन से जुड़ी कहानियां होती थीं. अब ऐसा कम देखने को मिलता है.
उन्होंने तमिल और मलयालम सिनेमा की तारीफ की है. कहा कि इन इंडस्ट्री में आज भी सशक्त कहानियां बन रही हैं. नए युवा निर्देशक सामाजिक मुद्दों पर फिल्में बना रहे हैं. खासकर तमिल सिनेमा में दलित मुद्दों पर काम हो रहा है. उन्हें इसमें उम्मीद नजर आती है. उनके मुताबिक, दक्षिण की फिल्मों में अब भी सच्चाई और संवेदनशीलता बची हुई है.
प्रकाश राज ने यह भी कहा कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री अब पेज 3 कल्चर में फंस गई है. फिल्में अब रील्स, ग्लैमर और आत्म-प्रचार पर टिकी हैं. उन्होंने कहा कि सब कुछ पैसे और दिखावे का खेल बन गया है. लोग अब कहानी से ज्यादा प्रचार पर ध्यान देते हैं. इसी वजह से दर्शकों से भावनात्मक जुड़ाव कमजोर हो गया है.

उन्होंने पुराने दौर की याद दिलाई है. कहा कि आजादी के बाद हिंदी सिनेमा धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के करीब था. उन्होंने फिल्म अमर अकबर एंथनी का उदाहरण दिया है. उसमें अलग-अलग धर्मों के किरदार एक साथ खून दान करते हैं. आज वैसी सोच कम दिखती है. प्रकाश राज का मानना है कि अगर हिंदी सिनेमा को दोबारा मजबूत बनना है, तो उसे अपनी जड़ों और सच्ची कहानियों की ओर लौटना होगा.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
