Shahid afridi on ICC: आईसीसी ने सुरक्षा कारणों से भारत आने से इनकार पर बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर स्कॉटलैंड को शामिल किया है. इस फैसले पर शाहिद आफरीदी और जेसन गिलेस्पी ने दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए आईसीसी की आलोचना की है.

Shahid afridi on ICC: आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश को बाहर कर दिया है. वजह यह रही कि बांग्लादेश की टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया. आईसीसी ने 23 जनवरी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को 24 घंटे का समय दिया था. उनसे साफ पूछा गया था कि टीम भारत आएगी या नहीं. तय समय के भीतर कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. इसके बाद आईसीसी ने बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया है.
इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में बहस तेज हो गई. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद आफरीदी ने आईसीसी पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर किया. आफरीदी ने लिखा कि जब भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार किया था. तब आईसीसी ने भारत की सुरक्षा चिंताओं को मान लिया था. भारत को दुबई में मैच खेलने की अनुमति दी गई थी. लेकिन वही समझदारी बांग्लादेश के मामले में नहीं दिखाई गई है.
शाहिद आफरीदी ने कहा कि नियम सभी देशों के लिए एक जैसे होने चाहिए. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के खिलाड़ियों और वहां के करोड़ों फैन्स के साथ ऐसा व्यवहार गलत है. आफरीदी ने लिखा कि निरंतरता और निष्पक्षता वैश्विक क्रिकेट प्रशासन की बुनियाद हैं. उन्होंने कहा कि आईसीसी को पुल बनाने चाहिए. दीवारें नहीं. उनका मानना है कि इस फैसले से बांग्लादेश के खिलाड़ियों और प्रशंसकों का अपमान हुआ है.
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी ने भी इस फैसले पर सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि जब भारत को चैम्पियंस ट्रॉफी में न्यूट्रल वेन्यू की इजाजत दी गई. तो बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप में यह विकल्प क्यों नहीं मिला. उनका कहना था कि आईसीसी को इस फैसले पर साफ जवाब देना चाहिए. हालांकि बाद में गिलेस्पी ने अपना पोस्ट डिलीट कर दिया. इसके बावजूद चर्चा और तेज हो गई है.
आईसीसी ने अपने फैसले पर सफाई भी दी है. उसने कहा कि बांग्लादेश की सुरक्षा चिंताओं को गंभीरता से लिया गया. आंतरिक और बाहरी सुरक्षा विशेषज्ञों से रिपोर्ट मंगवाई गई. इन रिपोर्ट्स की समीक्षा के बाद आईसीसी इस नतीजे पर पहुंची कि भारत में बांग्लादेशी टीम, अधिकारियों या फैन्स को कोई वास्तविक खतरा नहीं है. इसी आधार पर टीम को बाहर किया गया. उधर बांग्लादेश के बाहर होते ही क्रिकेट स्कॉटलैंड ने आईसीसी का न्योता स्वीकार कर लिया. स्कॉटलैंड ने कहा कि वह इस मौके के लिए आभारी है. टीम तुरंत भारत आने की तैयारी कर रही है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी. फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
