महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक युवक शादी के जश्न में डीजे पर डांस कर रहा था, इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई. घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.
डांस करते हुए युवक की मौत
महाराष्ट्र से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में खुशियों और जश्न के बीच माहौल शोक में बदल गया. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जानकारी के मुताबिक गोंडपिपरी तहसील के फुर्डीहेटी गांव में एक शादी के दौरान युवक की अचानक मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक शादी समारोह के दौरान युवक डीजे पर नाच रहा था, इसी दौरान डांस करते हुए उसकी मौत हो गई.
लोगों ने समझा मजाक
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान 25 साल के अल्पेश दहागावकर के रूप में की गई है. युवक अपने दोस्त की शादी में शामिल हुआ था और डीजे पर डांस कर रहा था. बताया जा रहा है कि सभी लोग शादी के जश्न में डूबे हुए थे, इसी गौरान डांस करते हुए युवक अचानक से जमीन पर गिर गया. शुरुआत में लोगों ने इस घटना को मजाक समझा, लेकिन काफी देर तक कोई हरकत न होने पर लोगों को अनहोनी का एहसास हुआ.
परिजन ले गए अस्पताल
जश्न का माहौल होने के कारण किसी को भी इस तरह की अनहोनी का एहसास नहीं हुआ था. युवक के जमीन पर गिरने के बाद जब सच्चाई सामने आई, तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजनों ने उसे तुरंत ही उठाया और सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया.
हार्ट अटैक बताया जा रहा मौत का कारण
इस हादसे में की गई शुरुआती जांच के मुताबिक युवक की मौत का कारण हार्ट अटैक को बताया जा रहा है. फिलहाल मौत के पीछे का असली और सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता लग पाएगा. इस घटना के बाद शादी का माहौल पूरी तरह शोक के माहौल में बदल गया है.
यह भी पढ़ें- हाथरस में बंदरों का खौफनाक आतंक! युवती पर किया हमला; तीसरी मंजिल से गिरकर मौत
