Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा और प्रशासनिक प्रणाली को और अधिक पारदर्शी व सुगम बनाने के लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट 22 जुलाई के बाद बड़े और व्यापक बदलाव लागू करने जा रहा है. संतों और रामानंदीय परंपरा के पूज्य विद्वानों से मिले सुझावों के आधार पर एक ऐसी आधुनिक व्यवस्था तैयार की जा रही है जो पूरी तरह से श्रद्धालु-अनुकूल और अनुशासित होगी.
महंत दिनेंद्र दास की आईडी जनरेट
राम मंदिर के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास का अधिकार बढ़ाते हुए उनके नाम से आईडी जनरेट कर दी गई है. अब उनकी आईडी से पास जारी किए जा सकेंगे. सूत्रों के अनुसार चढ़ावा प्रकरण में आरोपी टिन्नू यादव ने इसी व्यवस्था का दुरुपयोग करते हुए बड़ी संख्या में पास जारी करवाए थे. जांच एजेंसियां इस पूरे सिस्टम की भी पड़ताल कर रही हैं
22 जुलाई के बैठक के बाद होंगे बड़े बदलाव
22 जुलाई के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट राम मंदिर में दर्शन व्यवस्था, पूजा-पद्धति, राग-भोग, चढ़ावा प्रबंधन, सुरक्षा और श्रद्धालु सुविधाओं में बड़े बदलाव लागू करेगा. संतों और रामानंदीय परंपरा के विद्वानों के सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी, अनुशासित, आधुनिक और श्रद्धालु-अनुकूल बनाया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट की 22 जुलाई को प्रस्तावित बैठक के बाद नई व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा सकता है. बैठक में ट्रस्ट के नए महासचिव व रिक्त पदों पर नए सदस्यों का चयन किया जाना लगभग तय है. हाल के घटनाक्रमों के बाद ट्रस्ट मंदिर की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के पक्ष में है.पूजा-पद्धति को रामानंदीय परंपरा के अनुरूप और व्यवस्थित करने, राग-भोग की व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कई बिंदुओं पर विचार किया जा रहा है। ट्रस्ट का उद्देश्य दर्शन व्यवस्था को अधिक सुगम, चढ़ावा प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और मंदिर की प्रशासनिक प्रणाली को आधुनिक एवं जवाबदेह बनाना है. इसके साथ ही सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सेवा व्यवस्था में भी आवश्यक सुधार किए जाएंगे.
महाराष्ट्र रवाना हुए गोविंद गिरी
इसी सिलसिले में ट्रस्ट से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी गोविंद गिरी अयोध्या का दौरा पूरा कर महाराष्ट्र के लिए रवाना हो चुके हैं. हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए ट्रस्ट इस बार प्रशासनिक और सुरक्षा मोर्चे पर किसी भी प्रकार की ढील देने के मूड में नहीं है.
