टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बीजेपी पर हमला किया है. उन्होंने इस दौरान पार्टी के चुनाव चिन्ह को लेकर भी बयान दिया है. ममता ने कहा कि टीएमसी और ममता झुकने वाली नहीं है.

ममता बनर्जी का बीजेपी पर हमला
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बीजेपी के ऊपर हमला किया है. इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के अंदर बगावत कराने की कोशिश करने वाले लोग बीजेपी के साथ में मिलकर काम कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि टीएमसी के चुनाव चिन्ह को छीनने की भी कोशिश की जा रही है.
चुनाव चिन्ह गले में टांग लूंगी
ममता ने कहा कि चुनाव चिन्ह छीनने की कोशिश की रही है, लेकिन मुझे पता है कि चुनाव चिन्ह हमारे पास ही रहेगा. उन्होंने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार चाहें तो कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर मैं चुनाव चिन्ह को गले में टांगकर जनता के बीच चली जाऊंगी. उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (AITC) की अध्यक्ष के तौर पर वे आज से पश्चिम बंगाल तृणमूल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभालने वाली हैं.
आतंक फैलाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल- ममता
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि टीएमसी नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. बीजेपी का बंगाल में अपना कोई संगठन नहीं है. उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों का इस्तेमाल आतंक फैलाने के लिए किया जा रहा है. पुलिस कार्यकर्ताओं को दूसरी पार्टी में शामिल होने के लिए डरा रही है. उन्होंने कहा कि ममता और टीएमसी कभी झुकने वाले नहीं है.
हिंदू धर्म को किया शर्मिंदा
इस दौरान ममता ने राम मंदिर को लेकर भी बीजेपी के ऊपर हमला किया है. उन्होंने कहा कि राम के नाम को आपने बदनाम कर दिया. हिंदुत्व के नाम पर राजनीति करके हिंदू धर्म को शर्मिंदा किया. उन्होंने कहा कि राम मंदिर के लिए लोगों ने त्याग किया और सोना-चांदी दान किया, लेकिन अब उसी दान को ये लोग अपनी संपत्ति बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- राम मंदिर दान चोरी पर VHP का बयान! कांग्रेस नेता पर भड़के प्रेसिडेंट; कहा- नहीं कामयाब होगी चाल
