Manipur ukhrul violence: उखरूल में गांवों में आगजनी और फायरिंग के बाद हालात बिगड़े, प्रशासन ने पूरे जिले में कर्फ्यू लगाया और 5 दिन के लिए इंटरनेट बंद कर दिया है. हिंसा की शुरुआत मारपीट की घटना से हुई थी, जिसके बाद तांगखुल और कुकी समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया है.

Manipur ukhrul violence: मणिपुर के उखरूल जिले में एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. कुछ गांवों में हिंसा और आगजनी की घटनाओं के बाद प्रशासन अलर्ट पर आ गया है. लिटन सारईखोंग गांव में देर रात कुछ हथियारबंद बदमाशों ने कई घरों में आग लगा दी. इसके बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया. हालात और बिगड़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने उखरूल जिले में कर्फ्यू लागू कर दिया है. इसके साथ ही पांच दिन के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं. प्रशासन का कहना है कि यह कदम अफवाहों और भड़काऊ संदेशों को रोकने के लिए उठाया गया है.
अधिकारियों के मुताबिक, घटना के दौरान कुछ सशस्त्र लोगों ने पहाड़ी गांव के पास हवा में कई राउंड फायरिंग भी की. गोली चलने की आवाज से गांवों में दहशत फैल गई. कई परिवार अपने जरूरी सामान लेकर पास के कांगपोकपी जिले की ओर सुरक्षित जगहों में चले गए. तांगखुल गांव के कई लोगों के भी अपना इलाका छोड़ने की खबर है. प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ा दी गई है. संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है. किसी भी नई घटना पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
राज्य सरकार के गृह आयुक्त ने आदेश जारी कर कहा है कि उखरूल जिले में तुरंत प्रभाव से इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी. यह रोक अगले पांच दिनों तक लागू रहेगी. आदेश में कहा गया है कि हाल की घटनाओं से जिले में अशांति का माहौल बना है. सोशल मीडिया और मैसेज के जरिए गलत जानकारी फैलने का खतरा है. इससे हालात और बिगड़ सकते हैं. इसी वजह से इंटरनेट बंद करने का फैसला लिया गया है. प्रशासन ने साफ किया है कि स्थिति की लगातार समीक्षा की जाएगी.
पुलिस के अनुसार, हिंसा की शुरुआत शनिवार रात को हुई थी. लिटन गांव में सात से आठ लोगों ने तांगखुल नागा समुदाय के एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी. उस समय उम्मीद थी कि मामला बातचीत से सुलझ जाएगा. लेकिन रविवार को प्रस्तावित बैठक नहीं हो सकी. इसके बाद सोमवार आधी रात को हालात अचानक बिगड़ गए. कुछ हथियारबंद बदमाशों ने लिटन सारईखोंग गांव में तांगखुल नागा समुदाय के घरों को आग के हवाले कर दिया. इसके जवाब में नाग समुदाय के लोगों ने कुकी समुदाय के घरों को निशाना बनाया.
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सोमवार रात करीब 12 बजकर 10 मिनट पर के. लुंगविराम गांव में भी आग लगने की एक घटना सामने आई. इस घटना में एक घर को आंशिक नुकसान हुआ है. सुरक्षाबलों ने मौके पर पहुंचकर आग पर तुरंत काबू पा लिया. पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में बताया गया है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
