उत्तर प्रदेश के मथुरा में फरसा बाबा की मौत के बाद लोगों ने दिल्ली-कोलकाता हाईवे को जाम कर दिया. इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्याथ ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश के मथुरा में गौ रक्षक चंद्रशेखर बाबा उर्फ फरसा बाबा की बीती रात मौत हो गई. बताया जा रहा है कि गौवंश ले जा रहे ट्रक को रोकने की कोशिश में उन्हें कुचल दिया गया. जिसके बाद उनकी मौत से गुस्साएं लोगों ने दिल्ली-कोलकाता हाईवे को भी जाम कर दिया. अब इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
ट्रक ने बाबा को कुचला
आपको बता दें कि मथुरा में बीती रात ट्रक से कुचलने के कारण गौ रक्षक चंद्रशेखर बाबा की मौत हो गई थी, इन्हें स्थानीय लोग फरसा वाले बाबा के नाम से भी जानते थे. बाबा के साथ वाले लोगों ने दावा किया कि रविवार तड़के फरसा बाबा 2 साथियों के साथ मिलकर गौवंश ले जा रहे ट्रक का पीछा कर रहे थे. इसी दौरान ट्रक को ओवरटेक करके बाबा ने उसके आगे बाइक को खड़ा कर दिया. जिसके बाद ट्रक ड्राइवर ने स्पीड बढ़ा दिया और बाबा को कुचलकर फरार हो गया.
आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा- सीएम योगी
बाबा की मौत के बाद माहौल गरमा गया है. अब इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सख्त कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं. सीएम योगी ने कहा है कि मामले में आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. आपको बता दें कि ADG कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने इस मामले में पूरी जानकारी ली है और मुख्यमंत्री को रिपोर्ट करने के लिए वे मथुरा के लिए भी निकल गए हैं.
पुलिस ने की लाठीचार्ज
बाबा की मौत के बाद लोगों में गुस्सा फूटा और दिल्ली-कोलकाता हाईवे को जाम कर दिया. इस दौरान पुलिस पर भी लोगों ने पत्थरबाजी कर दी. इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हो गए. जिसके बाद पुलिस ने हालातों को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज कर दी. मामले में DIG शैलेश पांडे ने बताया की मथुरा में हालात फिलहाल काबू में हैं. आंसू गैस के गोले छोड़कर लोगों को भगाया गया है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है. उन्होंने बताया अब हालात नॉर्मल हैं और जाम को खुलवा दिया गया है.
यह भी पढ़ें- ईरानी मिसाइलों ने भरी हुंकार! हिंद महासागर में US-UK बेस पर हमला; दुबई में सुनी गई धमाकों की आवाज
