मथुरा जिले में दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे (NH-2) पर ट्रैक्टरों से लदा हुए एक कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे लटक गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और क्रेन की मदद से कंटेनर को वहां से निकाला.
फ्लाईओवर से नीचे लटका कंटेनर
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे (NH-2) पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा साफ टल गया. जानकारी के मुताबिक गोविंद नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक फ्लाईओवर पर ट्रैक्टरों से लदा हुए एक कंटेनर ट्रक अनियंत्रित हो गया. जिसके बाद कंटेनर फ्लाईओवर की सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए बाहर की तरफ लटक गया. राहत की बात यह है कि कंटेनर पुल के नीचे जाकर नहीं गिरा.
आगरा की तरफ जा रहा था कंटेनर
मथुरा जिले में एक कंटेनर फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे की तरफ लटक गया. जानकारी के मुताबिक कंटेनर ट्रैक्टरों को लादकर दिल्ली से आगरा की तरफ जा रहा था. बताया जा रहा है कि रास्ते में मौजूद गोविंद नगर क्षेत्र के पुल पर पहुंचते ही ड्राइवर का कंट्रोल वाहन से खो गया और वाहन अनियंत्रित होकर पुल की लोहे और कंक्रीट से बनी हुई रेलिंग से जाकर टकरा गया.
हवा में लटका आगे का हिस्सा
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि रेलिंग पूरी तरह से टूट गई और कंटेनर का आगे का हिस्सा पुल से नीचे हवा में लटक गया. हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं और मौके पर हड़कंप मच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के दौरान यह लग रहा था कि कंटेनर किसी भी समय नीचे गिर जाएगा. बता दें कि ट्रक कंटेनर का पिछला हिस्सा पुल में फंसा हुआ था, जिसके चलते वह नीचे नहीं गिरा.
मौके पर पहुंची पुलिस और हाईवे पेट्रोलियम की टीम
इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे पेट्रोलियम की टीम मौके पर पहुंच गईं. हालांकि राहत भरी खबर यह है कि इस हादसे में कंटेनर का ड्राइवर पूरी तरह से सुरक्षित है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंटेनर को क्रेन की मदद से सुरक्षित वापस खींचने का प्रयास शुरू कर दिया. हादसे के पीछे का कारण शुरुआती जांच में ड्राइवर को नींद की झपकी या वाहन में तकनीकी खराबी होना माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- फिर बदला दिल्ली-NCR का मौसम! काले बादल और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
