Meerut fake paneer factory raid: उत्तर प्रदेश के मेरठ में खाद्य विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस ने 2 फैक्ट्रियों में छापेमारी करके भारी मात्रा में नकली पनीर बरामद किया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

मेरठ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के मेरठ में लखनऊ से आई खाद्य विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गुरुवार को जानी थाना क्षेत्र के नगला कुंभा गांव में नकली पनीर बनाने वाली 2 फैक्ट्रियों पर छापेमारी की गई है. पुलिस ने छापेमारी करके नकली पनीर तैयार करने वाली फैक्ट्रियों पर शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि इन फैक्ट्रियों को 2 सगे भाई चला रहे थे.
28 क्विंटल पनीर बरामद
जानकारी के मुताबिक हामिद और जाबिर नाम के 2 व्यक्ति अपने गांव में मिलावटी नकली पनीर को तैयार करके दिल्ली, उत्तराखंड और NCR के जिलों में उसके बेचते थे. दोनों व्यक्ति रिश्ते में सगे भाई हैं. इस छापेमारी में भारी मात्रा में नकली पनीर भी बरामद किया गया है. छापेमारी के दौरान हामिद की फैक्ट्री से 16 क्विंटल और जाबिर की फैक्ट्री से लगभग 12 क्विंटल नकली पनीर को बरामद किया गया है.
5,300 लीटर दूध भी बरामद
छापेमारी के दौरान पनीर के साथ भारी मात्रा में पामोलिन तेल, मैदा और संदिग्ध केमिकल भी बरामद किया है. टीम ने बरामद हुए सभी सामान को खत्म कर दिया है. टीम की छापेमारी के दौरान फैक्ट्रियों के मालिक दोनों भाई मौके से फरार बताए जा रहे हैं. इस छापेमारी के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके राठी भी मौजूद रहे. उन्होंने बताया कि मौके से 5300 लीटर दूध और 510 लीटर रिफाइंड पामोलिन तेल और 35 किलो मैदा और नीले रंग का संदिग्ध केमिकल भी बरामद किया गया है.
फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जानकारी के मुताबिक इस सामान को इस्तेमाल करके नकली पनीर के साथ डोयरी प्रोडक्ट बनाए जाते थे. छापेमारी के दौरान बरामद सामान को जांच के लिए लैब भी भेजा गया है. पुलिस ने फैक्ट्रियों के मालिकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने बताया कि फैक्ट्रियों को सील कर दिया है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है.
यह भी पढ़ें- रांची में इंसानियत शर्मसार! 3 साल की मासूम के साथ अश्लील हरकतें; स्कूल वैन ड्राइवर गिरफ्तार
