उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक बहन ने अपने भाई की शराब में जहर मिला दिया. जिसके बाद जहरीली शराब पीने के कारण 3 लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
बहन ने की भाई की हत्या
उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. मेरठ के दौराला इलाके में 3 अप्रैल को शराब पीने के कारण 3 लोगों की मौत हो गई थी. मृतकों की पहचान 60 साल के बाबूराम, 45 साल के जितेंद्र और 32 साल के अंकित के रूप में की गई थी. इस मामले की जब जांच की गई, तो एक अलग ही कहानी निकलकर सामने आई है. दरअसल अंकित की बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था.
प्रेमी संग मिलकर दिया अंजाम
आरोपी बहन की पहचान अलका के रूप में की गई है. अलका ने अपने शादीशुदा प्रेमी पवन के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था. बताया जा रहा है कि अलका अपने प्रेम प्रसंग में भाई के विरोध और मारपीट से परेशान थी. इसी कारण उसने अपने भाई को मारने की साजिश रची. प्रेमी पवन ने साइनाइड जैसा जहर शराब के पैक में मिला दिया और अंकित को दे दिया.
सर्च हिस्ट्र ने खोल दी पोल
इस मामले में पुलिस ने पवन को हिरासत में लिया, जिसके बाद इस पूरे हत्याकांड से पर्दा उठ गया. पवन के मोबाइल में जहरीले पदार्थों की गूगल सर्च हिस्ट्री थी. जिसके बाद आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. आरोपियों ने साजिश रची थी कि शराब के कारण मौत होने पर किसी को शक नहीं होगा. दोनों आरोपियों ने जहर को शराब के टेट्रा पैक में मिला दिया और पैकेट को फिर से फेविक्विक से चिपका दिया था.
पुलिस ने गिरफ्तार किए 3 आरोपी
पवन ने रास्ते में अंकित को रोककर शराब का पैकेट उसे दे दिया. जिसके बाद अंकित वह शराब लेकर चला गया, जिसके बाद उसने वह शराब बाबूराम और जितेंद्र के साथ बैठकर पी. जहर मिला होने के कारण तीनों की हालत खराब हो गई और अस्पताल ले जाते समय तीनों की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में जहर देने वाले अशोक नाम के व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में अलका और उसके प्रेमी पवन को भी गिरफ्तार कर लिया है.
यह भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट युद्ध का असर! एयर इंडिया ने इजरायल के लिए रोकी उड़ानें; नई दिल्ली-तेल अवीव रूट पर उड़ानें सस्पेंड
