Trump threatens iran: ईरान में विरोध प्रदर्शन और हिंसा के बीच अब तक 5000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 हजार से अधिक गिरफ्तार हैं. ट्रंप और खामेनेई के बीच जुबानी जंग तेज होने से हालात और बिगड़ गए हैं.

Trump threatens iran: ईरान में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के बीच जुबानी जंग बढ़ती जा रही है. ट्रंप ने खामेनेई को चेतावनी दी है कि उनकी 37 साल की सत्ता को जड़ से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है. उनका कहना है कि अब ईरान में नया नेतृत्व होना चाहिए.
देशभर में हिंसक प्रदर्शन जारी हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार अब तक 5000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. तेहरान के मुर्दाघरों के बाहर शवों का ढेर लगा हुआ है. ईरान के कई प्रांतों में आगजनी और हिंसा देखने को मिल रही है. इसमें ज्यादातर प्रदर्शनकारी, सुरक्षा कर्मी और सरकारी कर्मचारी शामिल हैं.
ट्रंप ने खामेनेई की आलोचना करते हुए कहा कि देश का नेतृत्व डर और मौत के सहारे नहीं होना चाहिए. उनका मानना है कि खामेनेई ने ईरान को पूरी तरह से तबाह कर दिया है. ट्रंप ने कहा कि नेतृत्व का अर्थ सम्मान और विकास से होता है, न कि दमन और हिंसा से. उन्होंने यह भी कहा कि 800 से ज्यादा लोगों को फांसी न देने का खामेनेई का फैसला अब तक का सबसे अच्छा फैसला था.
खामेनेई ने ट्रंप के आरोपों का जवाब देते हुए उन्हें जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ईरान में विरोध प्रदर्शनों और मौतों के लिए दोषी हैं. खामेनेई ने ट्रंप को अपराधी करार दिया और आरोप लगाया कि उनकी वजह से देश में अफरा-तफरी फैली हुई है. इस जुबानी जंग के बीच देश की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है.

मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 5000 से ज्यादा लोग मारे गए हैं और 10 हजार से अधिक को गिरफ्तार किया गया है. मृतकों की संख्या 1979 की इस्लामिक क्रांति में मारे गए लोगों से भी अधिक बताई जा रही है. अब देश में हिंसा और दमन का माहौल बना हुआ है और आम लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
