Conversion racket police encounter: मिर्जापुर में जिम की आड़ में यौन शोषण और धर्मांतरण के मामले में मुठभेड़ के बाद आयरन फायर जिम मालिक फरीद अहमद गिरफ्तार हुआ है, जबकि एक जीआरपी सिपाही का भी सबंध सामने आया है. पुलिस ने कई जिम सील किए हैं, कई आरोपी पकड़े गए हैं और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है.

Conversion racket police encounter: मिर्जापुर में जिम की आड़ में चल रहे यौन शोषण और धर्मांतरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. खड़ंजा फाल इलाके में मुठभेड़ के बाद आयरन फायर जिम के मालिक फरीद अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है. भागने की कोशिश में उसने पुलिस पर फायरिंग की है. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है. घायल हालत में उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह मामला काफी समय से पुलिस की नजर में था.
इस पूरे मामले में एक पुलिस सिपाही की भूमिका भी सामने आई है. जीआरपी में तैनात सिपाही इरशाद खान को भदोही के माधोसिंह स्टेशन से पकड़ा गया है. वह गाजीपुर के गहमर का रहने वाला है. जांच में पता चला है कि उसने दो शादियां की हैं. पहली शादी मुस्लिम लड़की से की थी. दूसरी शादी एक हिंदू लड़की से की. आरोप है कि वह फरीद अहमद का पार्टनर था. दोनों मिलकर इस पूरे नेटवर्क को चला रहे थे.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फरीद अहमद घंटाघर इलाके में जिम चलाता था. वह महिलाओं और युवतियों को ट्रेनिंग के बहाने जिम बुलाता था. फिर उनका यौन शोषण करता था. बाद में वीडियो और फोटो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करता था. इसी दबाव में वह उनसे धर्मांतरण भी कराता था. दो पीड़ित युवतियों की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया.
इससे पहले मंगलवार को पुलिस ने दो जिम मालिक और दो ट्रेनर को गिरफ्तार किया था. पांच जिमों को सील कर दिया गया था. फरार आरोपियों की तलाश जारी थी. मुखबिर से सूचना मिली कि फरीद अहमद खड़ंजा फाल में छिपा है. पुलिस टीम वहां पहुंची. खुद को घिरा देख वह घबरा गया. भागते समय उसने गोली चला दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम पवन कुमार गंगवार ने पांच जिमों के संचालन पर रोक लगा दी है. जिम के आसपास भीड़ जुटाने वालों पर शांतिभंग की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. डीआईजी सोमेन बर्मा ने पुलिस लाइन में पूरे मामले का खुलासा किया. एडीजी पीयूष मोर्डिया भी जांच के लिए देहात कोतवाली पहुंचे. पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
