बॉलीवुड एक्टर मिथुन चक्रवर्ती को बंगाल सरकार ने सांस्कृतिक मामलों में सलाहकार बनाया है. आपको बता दें कि मिथुन दा बंगाल की राजनीति में काफ़ी लंबे समय से सक्रिय रहे हैं. अब उन्हें शुभेंदु अधिकारी की ज़िम्मेदारी दी गई है.
फेमस एक्टर और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल की शुभेंदु सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी दे दी है. मिथुन को बंगाल सरकार का सांस्कृतिक सलाहकार नियुक्त किया गया है. जिसके साथ ही उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया. एक अधिसूचना की मदद से यह जानकारी मिली है.
शुभेंदु अधिकारी की जिम्मेदारी मिली
आपको बता दें कि मिथुन चक्रवर्ती लंबे समय से बंगाल की राजनीति में सक्रिय रहे हैं. पश्चिम बंगाल सरकार ने अब उन्हें सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग का सलाहकार नियुक्त किया है. यह विभाग राज्य में सूचना, संस्कृति, कला और मनोरंजन से जुड़े मामलों को देखता है. फिलहाल इस विभाग की जिम्मेदारी शुभेंदु अधिकारी के पास है. मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल के हस्ताक्षर वाले एक नोटिफिकेशन में मिथुन चक्रवर्ती की नियुक्ति की घोषणा की गई है. जानकारी के मुताबिक संबंधित विभागों व अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है.
सरकार को सलाह देंगे मिथुन दा
अब इस नियुक्ति के बाद मिथुन चक्रवर्ती का काम सरकार को सलाह देना होगा. हालांकि इस पद के लिए उन्हें कैबिनेट मंत्री के बराबर का दर्जा दिया गया है. गौरतलब है कि मिथुन चक्रवर्ती ने पहले कहा था कि शुभेंदु अधिकारी बंगाल के लिए सबसे अच्छे मुख्यमंत्री होंगे. वहीं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हाल में घोषणा की थी कि मिथुन को पश्चिम बंगाल सरकार का सांस्कृतिक सलाहकार बनाया जाएगा.
मदरसों को बंद करने का किया समर्थन
आपको बता दें कि हाल ही में मिथुन चक्रवर्ती ने बंगाल के बिना मान्यता वाले मदरसों को बंद करने का समर्थन किया है. अभिनेता से नेता बने मिथुन चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल में बिना सरकारी मदद और बिना मान्यता वाले मदरसों पर प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन किया. उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को इसका सही कारण बताया था.
फंडिंग पर भी उठाए थे सवाल
जानकारी के मुताबिक उन्होंने राज्य भर में 250 से ज्यादा मदरसों को बंद करने और 100 अन्य को नोटिस जारी करने के फैसले को सही ठहराया. इस दौरान उन्होंने कहा कि इन अल्पसंख्यक संस्थानों में फंडिंग के तरीकों और क्या वे सही मकसद के लिए इस्तेमाल हो रहे हैं, इसकी जांच करना जरूरी है.
