Modi Govt Plan-B: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और समुद्री रास्तों में रुकावट के बीच केंद्र सरकार ने त्योहारों से पहले एलपीजी की सप्लाई बनाए रखने के लिए ‘प्लान-बी’ लागू कर दिया है. इसके तहत घरेलू रिफाइनरियों में एलपीजी का उत्पादन 20% बढ़ा दिया गया है और सिलेंडर बुकिंग का वेटिंग टाइम घटाकर 25 दिन कर दिया गया है.

Modi Govt Plan-B: आने वाले त्योहारों के सीजन को देखते हुए भारत सरकार ने देश में एलपीजी की किल्लत न हो, इसके लिए बड़ा कदम उठाया है. मिडिल ईस्ट यानी पश्चिमी एशिया में चल रहे तनाव और समुद्री रास्तों में रुकावट के कारण रसोई गैस की सप्लाई पर बुरा असर पड़ने का डर बना हुआ था. फारस की खाड़ी से आने वाले एलपीजी टैंकरों में अनिश्चितता को देखते हुए केंद्र सरकार ने अपना ‘प्लान-बी’ लागू कर दिया है. इसके तहत सरकारी तेल रिफाइनरियों को देश के भीतर ही एलपीजी का उत्पादन तेजी से बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान आम लोगों को रसोई गैस की किल्लत से न जूझना पड़े.
देश में 20 फीसदी बढ़ा एलपीजी का उत्पादन
त्योहारी मांग को पूरा करने के लिए सरकारी तेल कंपनियों ने एलपीजी का घरेलू उत्पादन काफी बढ़ा दिया है. अब देश में हर रोज लगभग 44,000 टन एलपीजी का उत्पादन हो रहा है, जो कि अगस्त महीने के औसत से करीब 20 प्रतिशत अधिक है. दिवाली और उसके बाद आने वाली सर्दियों के दौरान रसोई गैस की खपत काफी बढ़ जाती है. सरकार की इस समय पर की गई तैयारी से देश भर के घरों में बिना किसी रुकावट के गैस सिलेंडर की सप्लाई बनी रहेगी.
समुद्री रास्तों पर तनाव बना बड़ी वजह
अमेरिका और ईरान के बीच तनातनी के कारण होर्मुज और बाब-अल-मंदेब जैसे समुद्री व्यापारिक रास्ते पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हो पाए हैं. खाड़ी देशों से तेल और गैस लाने वाले जहाजों को इन रास्तों से गुजरने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसी खतरे से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने राज्यों और बड़ी औद्योगिक इकाइयों के लिए एलपीजी का कोटा तय कर दिया है. इससे घरेलू यानी खाना पकाने वाले सिलेंडरों की किल्लत नहीं होगी.
सिलेंडर बुकिंग का नियम भी बदला
सरकार ने सिर्फ उत्पादन ही नहीं बढ़ाया बल्कि सिलेंडरों की रिफिल बुकिंग के नियमों में भी बड़ा ढील दिया है. इससे पहले संकट के समय लागू किया गया न्यूनतम रिफिल वेटिंग टाइम जो 45 दिनों का था, उसे घटाकर अब 25 दिन कर दिया गया है. यानी अब उपभोक्ता दोबारा गैस सिलेंडर की बुकिंग बहुत कम समय में कर पाएंगे. इस कदम से उन परिवारों को बहुत सहूलियत मिलेगी, जहाँ त्योहारों के दौरान गैस की खपत अचानक बढ़ जाती है.
भारत में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एलपीजी आयातक
भारत अपनी रसोई गैस की जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़े पैमाने पर दूसरे देशों से एलपीजी आयात करता है. भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एलपीजी आयातक देश है और अपनी खपत का बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से मंगाता है. इसी वजह से जब भी मध्य पूर्व में कोई तनाव या युद्ध जैसी स्थिति बनती है, तो भारत की एनर्जी सप्लाई पर असर पड़ने का खतरा बढ़ जाता है. इसी खतरे से बचने के लिए अब घरेलू रिफाइनरियों की मदद ली जा रही है.
जानिए आपके शहर में एलपीजी का मौजूदा रेट
इस समय देश के अलग-अलग शहरों में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं. राजधानी दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 942 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और कोलकाता में 968 रुपये में मिल रहा है. नोएडा की बात करें तो यहाँ सिलेंडर का दाम 939.50 रुपये है, जबकि हैदराबाद में यह 994 रुपये का मिल रहा है. वहीं व्यावसायिक इस्तेमाल वाले 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर का रेट दिल्ली में 2,747.50 रुपये और मुंबई में 2,701 रुपये है.
