उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक महिला ने अपनी बहन और प्रेमियों के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी. जिसके बाद आरोपियों ने घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. हालांकि पुलिस पूछताछ में पूरी सच्चाई सामने आ गई.

पत्नी ने की पति की हत्या
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक की उसकी पत्नी, साली और उसके प्रेमियों ने मिलकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने पहले युवक को घर में बंधक बनाया और फिर बिजली का करंट लगाया था. इस तरह की बेरहमी करने के बाद आरोपियों ने जबरदस्ती जहर देकर युवक की हत्या कर दी. इस घटना के बाद आरोपियों ने इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी की.
6 साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना मझोला थाना के कुंदनपुर इलाके की है. मृतक की पहचान 20 साल के पवन कुमार ठाकुर के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि मृतक एक फर्म में काम करता था. युवक की शादी लगभग 6 साल पहले संभल की रहने वाली आंचल के साथ में हुई थी. दोनों की एक 2 साल की बेटी भी है. जांच के दौरान सामने आया है कि पवन के गांव में रहने के दौरान उसके चचेरे भाई के बेटे अंकित का उसके घर पर आना-जाना शुरू हुआ था.
बहनों और प्रेमियों ने रची साजिश
बताया जा रहा है कि घर पर आने-जाने के दौरान अंकित और आंचल के बीच में प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था. जब इस बारे में युवक को जानकारी हुई, तो अंकित ने गांव छोड़ दिया और कुंदनपुर में रहने लगा. हालांकि इस दौरान अंकित ने आंचल से संपर्क नहीं तोड़ा. इसी बीच आंचल की बहन शिखा की दोस्ती जयंतलपुर के रहने वाले अजय दिवाकर से हुई, जिसके बाद दोनों बहनों और उनके प्रेमियों ने पवन की हत्या की साजिश रच डाली.
करंट लगाकर खिलाया जहर
शुक्रवार को जब पवन अपनी ड्यूटी से वापस लौटा, तो आंचल ने उससे विवाद शुरू कर दिया. इसी दौरान आंचन और शिखा ने युवक को रस्सी से बांध दिया और अपने प्रेमियों को बुला लिया. जिसके बाद सभी ने मिलकर बिजली का करंट युवक के लगाया और मुंह में जबरदस्ती जहर डाल दिया. जांच के मुताबिक जब युवक मर रहा था, तो आरोपी घर में बैठकर पार्टी कर रहे थे.
आत्महत्या का रचा नाटक
इस घटना के बाद आरोपियों ने इसको आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी की. पत्नी आंचल ने मृतक की बहन को फोन करके कहा कि उसने जहर खा लिया है. हालांकि जब परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूरी सच्चाई सामने आई गई. पुलिस की कड़ी पूछताछ के दौरान आंचल ने सच्चाई बता दी. पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसकी बहन और दोनों प्रेमियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है.
यह भी पढे़ं- बदबू आने पर पुलिस को दी सूचना, फ्लैट खोलने पर मिला महिला का शव; जांच में जुटी टीम
