मुंबई के बांद्रा इलाके में हाई कोर्ट के आदेश के बाद अवैध झोपड़ियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है. इस दौरान प्रशासन लगभग 400 अवैध झोपड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा.

बांद्रा में अवैध झोपड़ियों पर कार्रवाई
महाराष्ट्र के मुंबई में हाई कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हुई है. आपको बता दें कि मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही झुग्गी-झोपड़ी वाला क्षेत्र दिखाई देने लगता है. इसी इलाके को लेकर अब हाई कोर्ट ने आदेश दिया है. आपको बता दें कि इलाके से 400 अवैध झोपड़ियों को बड़े पैमाने पर हटाया जा रहा है. इस दौरान मौके पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद है.
100 निवासियों को किया गया आवास
जानकारी के मुताबिक इस इलाके में रहने वाले 100 निवासियों के अलावा लगभग सभी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. कानूनी तौर पर रहने वाले इन 100 निवासियों के लिए आवास भी उपलब्ध कराया गया है. आपको बता दें कि अवैध झोपड़ियों पर अगले 4 दिनों तक यह कार्रवाई जारी रहेगी. बताया जा रहा है कि खाली कराई गई जगह का इस्तेमाल मुंबई से शुरू होने वाली 50 नई ट्रेनों के संचालन और बांद्रा टर्मिनस के विस्तार के लिए होने वाला है.
साल 2017 में शुरू हुई थी कार्रवाई
इन कामों के अलावा इस जगह का इस्तेमाल बांद्रा उपनगरीय स्टेशन को बांद्रा टर्मिनस से जोड़ने और उपनगरीय ट्रेनों को अलग करने के लिए भी किया जाएगा. पश्चिमी रेलवे के मुताबिक अवैध रूप से बनी झोपड़ियों के ऊपर यह कार्रवाई हाई कोर्ट के आदेश के बाद की जा रही है. आपको बता दें कि इन ढांचों को हटाने के लिए साल 2017 में कार्रवाई को शुरू किया गया था.
इलाके में पुलिस-जीआरपी मौजूद
साल 2017 में कार्रवाई के दौरान निवासियों ने अदालत में मुकदमा दर्ज किया था. जिसके बाद अब हाई कोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई की जा रही है. इस दौरान इलाके में मुंबई पुलिस और जीआरपी की भी भारी मौजूदगी है. कार्रवाई को लेकर इलाके में कई मशीनों को तैनात किया गया है. कार्रवाई के दौरान झोपड़ियों में रहने वाले सैकड़ों लोग मौके पर जमा हैं.
यह भी पढ़ें- बंगाल में यूपी वाली कार्रवाई! राज्य की सड़कों पर उतरे बुलडोजर; अवैध कब्जों के खिलाफ चल रहा अभियान
