महाराष्ट्र के नागपुर में रविवार को RSS मुख्यालय के पास इलाके में देर रात फायरिंग हुई है. इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

नागपुर में देर रात हुई फायरिंग
महाराष्ट्र के नागपुर में रविवार रात को गैंगवार जैसी स्थिति की घटना सामने आई है. नागपुर के कोठी रोड इलाके में रविवार रात लगभग 11.30 बजे दो पक्ष आमने-सामने आ गए. जानकारी के मुताबिक यहां वर्चस्व की लड़ाई और पुराने विवाद को लेकर पक्षों में कहासुनी हुई. जिसके बाद कुछ ही समय में मामला इतना बढ़ गया कि 2 राउंड फायरिंग हो गई. जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
आपसी रंजिश को लेकर हुई घटना
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि आपसी रंजिश और इलाके में वर्चस्व कायम करने की लड़ाई को लेकर यह घटना हुई है. इसी के साथ वहीं दूसरी ओर प्रेम प्रसंग को लेकर भी विवाद और घटना होने की बात सामने आई है.
पुलिस ने गिरफ्तार किए 6 आरोपी
बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद बढ़ा और मौके पर फायरिंग होने तक की नौबत पहुंच गई. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी करके 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं इसी के साथ 2 प्रमुख आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है.
RSS मुख्यालय के पास है इलाका
आपको बता दें कि जिस जगह पर यह घटना हुई है, वह इलाका RSS मुख्यालय से सिर्फ 1 किमी की दूरी पर मौजूद है. ऐसे में इस संवेदनशील इलाके में देर रात हुई फायरिंग से सुरक्षा व्यवस्था के ऊपर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को लेकर जांच कर रही है और आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली से गोवा तक ED की रेड! AAP नेता के ठिकानों पर छापेमारी; 155 करोड़ के बैंक फ्रॉड में कार्रवाई
