उत्तर प्रदेश से एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है. दरअसल, ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र के निजी अस्पताल में 5 दिन की जन्मी हुई बच्ची को बेचने की कोशिश की जा रही थी. मामले के बाद से पूरे इलाके में डर का माहौल है. बता दें कि बच्ची को आरोपी 2 लाख 60 हजार रुपये में बेचने की कोशिश कर रहे थे.
जांच में सामने आया कि एक मां अपनी समय से पहले जन्मी बच्ची को अस्पताल में छोड़कर चली गई थी. अस्पताल में काम करने वाली नर्स ने जब बच्ची को देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को देने के बजाए उसने इसे बेचने का प्लान बना लिया. नर्स ने बच्ची की जानकारी अपने पति को दी. उसके बाद दोनों ने एक दंपति को वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए मैसेज किया. उन्होंने उनसे बच्ची को गोद लेने के लिए बोला. हालांकि, उसने बच्ची को 3 लाख रूपये में देने की बात की और बाद में 2.60 लाख रुपये में दंपति को देने के लिए मान गए.
हालांकि, इसी बीच दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद दंपति ने चाइल्ड और महिला हेल्पलाइन को पूरे मामले की सूचना दी. उसके बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने तुरंत एक्शन लेते हुए बच्ची को नर्स और उसके पति से बचा लिया.
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अस्पताल की संचालिका के साथ-साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, आरोपी नर्स अभी पुलिस की चंगुल से फरार है. आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है और नर्स को ढूंढा जा रहा है.
ये भी पढ़ें: झारखंड के जमशेदपुर में मिला 227 किलो का अमेरिकी बम! इलाके में हाई अलर्ट
