पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर मंगलवार रात हमला हुआ है. जिसके बाद उन्होंने आरोपी लगाया है कि हमला करने वाले पास के कोचिंग सेंटर के लोग हैं. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.

खान सर की कोचिंग पर हमला
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार रात में खान सर की कोचिंग सेंटर के बाहर गोली चली है. पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार रात लगभग 8-10 राउंड फायरिंग की गई है. बताया जा रहा है कि इस घटना में एक सुरक्षा गार्ड घायल भी हुआ है. जिसके तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों के बीच इसी घटना को लेकर बातें हो रही हैं.
उन्हें लगता है हमें दबा लेंगे- खान सर
कोचिंग के बाहर हुई फायरिंग की घटना को लेकर अब खान सर का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि असली मुद्दा यह है कि हम लोग इतनी कम और सस्ती फीस में बच्चों को क्यों पढ़ा रहे हैं. खान सर ने इस मामले में कहा कि जब हजारों की संख्या में रिजल्ट आते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को खतरा महसूस होने लगता है, उन लोगों को लगता है कि वे हमें दबा सकते हैं.
ऑफिस में बुरी तरह तोड़फोड़
खान सर ने बताया कि हमलावरों ने ऑफिस में बुरी तरह से तोड़फोड़ की है और गोलियां चलाई हैं. मामले में सीसीटीवी फुटेज को पुलिस अधिकारियों को दे दिया गया है और सुरक्षा गार्ड ने हमलावरों की पहचान कर ली है. इस दौरान उन्होंने कहा कि हमला करने वाले कोचिंग के पास वाले कोचिंग सेंटर के लोग हैं. उन्होंने कहा भी कि खान सर की कोचिंग को बम से उड़ा देंगे.
पुलिस कर रही जांच
उन्होंने कहा है कि हमें सुरक्षा की जरूरत है और यह प्रशासन के संभालने का मामला है. आपको बता दें कि इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है. घटना के बाद मौके पर पटना के एसएसपी-एसपी और पुलिस की कई टीमें पहुंची हैं. पुलिस इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस यहां स्थानीय लोगों और सुरक्षा गार्ड के बयानों को दर्ज कर रही है.
यह भी पढे़ं- 34 साल पुराने मामले में फैसला! 85 साल के बुजुर्ग को मिली सजा; अदालत ने लगाया जुर्माना
