पाकिस्तान की क्रिकेट टीम ने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब प्रदर्शन किया. जिसके बाद अब खिलाड़ियों के ऊपर 50 लाख पाकिस्तानी रुपए का जुर्माना लगाया गया है.
PCB ने लगाया जुर्माना
पाकिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ियों के ऊपर बड़ा एक्शन लिया गया है. ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब प्रदर्शन के कारण अब पाकिस्तान की टीम के खिलाड़ियों को अपनी जेब से भुगतान करना पड़ेगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम के हर खिलाड़ी के ऊपर जुर्माना लगाने का फैसला लिया है. इस कार्रवाई को टीम इंडिया से ग्रुप स्टेज में मिली हार और सुपर-8 से बाहर होने के बाद किया गया है.
हर खिलाड़ी पर 50 लाख का जुर्माना
जानकारी के मुताबिक टी20 वर्ल्ड कप में खेलने वाले हर पाकिस्तानी खिलाड़ी के ऊपर 50 लाख पाकिस्तानी रुपए यानी कि लगभग 16 लाख भारतीय रुपए का जुर्माना लगाया गया है. इस पैसे को PCB खुद ही वसूल करेगा. खिलाड़ियों पर लगाए जाने वाले जुर्माने की रकम को खिलाड़ियों की सैलरी या फिर मैच की फीस से काटा जाएगा. पाकिस्तान की टीम लगातार चौथी बार आईसीसी टूर्नामेंट में सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाई है.
पहले भी की थी सख्ती
पाकिस्तान की इस तरह की हरकतों और ऐसे हारने के बाद बोर्ड का साफ कहना है कि अब खराब प्रदर्शन को सीधे तौर पर आर्थिक नुकसान में बदला जाएगा. आपको बता दें कि पाकिस्तान में पहले भी क्रिकेट नतीजों को लेकर सख्ती हुई थी, लेकिन इस बार की सख्ती चर्चा का विषय बन गई है. आपको बता दें कि पाकिस्तान ने सभी मैच श्रीलंका में खेले थे, लेकिन हालातों का फायदा नहीं उठा सका. शुरुआत में इसने नीदरलैंड को 3 विकेट से हराया और उसके बाद फिर अमेरिका को 32 रनों से हराया था. जिसके बाद भारत के खिलाफ 61 रनों से हारकर टीम की कमजोरियां सामने आ गईं.
खराब रन रेट के कारण नहीं बनी जगह
आपको बता दें कि भारत से हारने के बाद भी पाकिस्तान किसी तरह से सुपर-8 में पहुंच गया, लेकिन सुपर-8 में कहानी पूरी तरह से बदल गई. न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया. जिसके बाद इंग्लैंड ने 2 विकेट से उसे हराया. हालांकि श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में भले ही जीत मिली, लेकिन खराब नेट रन रेट के कारण टीम अपने लिए अगले दौर में जगह नहीं बना सकी. जिसके बाद अब खिलाड़ियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा.
