देश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर अफवाहों के बीच इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने लोगों से न घबराने की अपील की है. दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है.
देश में होने वाली पेट्रोल-डीजल की कमी
देश में इन दिनों अचानक से अफवाह फैली है कि मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के कारण पेट्रोल और डीजल की भी किल्लत होने वाली है. जिसके चलते देश में जगह-जगह पर पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं. आम नागरिक अफवाहों में आकर जल्दबाजी में पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं. अब इन अफवाहों को लेकर इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इन्हें झूठा बताया है.
#StayCalmIndia
देश में हालातों को देखते हुए इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम, दोनों ने देश की जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह में आकर जल्दबाजी में खरीददारी न करें. इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लोगों से अपील की है. इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम, दोनों ने #StayCalmIndia का हैशटैग भी चलाया है.
इंडियन ऑयल ने क्या कहा?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट करते हुए इंडियन ऑयल ने लोगों से जल्दबाजी न करने की अपील की है. इंडियन ऑयल ने पोस्ट करते हुए लिखा कि देशभर में आपके रोजमर्रा के सफर की जरूरतों को पूरा करने के लिए इंडियन ऑयल के सभी केंद्रों पर पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है. हम वर्तमान मांग को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं, जिससे आप अपनी यात्राएं सामान्य रूप से जारी रख सकें. इंडियन ऑयल ने लिखा कि हम सभी से अनुरोध करते हैं कि सही जानकारी रखें और घबराहट में खरीदारी से बचें.
हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने क्या लिखा?

हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट करके नागरिकों से जल्दबाजी न करने की अपील की है. हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने लिखा कि देशभर में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है. ईंधन की सप्लाई स्थिर बनी हुई है और पर्याप्त भंडार भी उपलब्ध है. ग्राहकों से अनुरोध है कि अफवाहों से गुमराह न हों और घबराहट में आकर खरीदारी न करें. कृपया सामान्य तरीके से ईंधन का उपयोग जारी रखें. HPCL अपने नेटवर्क में निर्बाध और सुचारू ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी की बिगड़ी तबीयत! देर रात हुईं अस्पताल में भर्ती; डॉक्टरों की टीम कर रही निगरानी
