पंजाब के फगवाड़ा के DSP योगेश कुमार की गोली लगने के कारण मौत हो गई. वे अपनी सरकारी पिस्तौल साफ कर रहे थे और इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो उनके सीने में जा लगी.

फगवाड़ा DSP की गोली लगने से मौत
पंजाब के फगवाड़ा में सोमवार सुबह को एक दर्दनाक घटना हुई है. इस घटना में फगवाड़ा DSP की गोली लगने से मौत हो गई. मृतक DSP की पहचान योगेश कुमार के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना सोमवार को सुबह लगभग 7.30 बजे के आसपास फगवाड़ा पुलिस स्टेशन सदर के पास मौजूद उनके सरकारी आवास पर हुई है. इस घटना के बाद पूरा पुलिस विभाग शोक में है.
सरकारी पिस्तौल कर रहे थे साफ
जानकारी के मुताबिक इस घटना के दौरान DSP योगेश कुमार अपने सरकारी क्वार्टर में मौजूद थे. मामले में जांच किए जाने पर शुरुआती तौर पर सामने आया है कि योगेश अपनी सरकारी पिस्तौल को साफ कर रहे थे. पिस्तौल की सफाई के दौरान अचानक से गोली चल गई. पिस्तौल की गोली सीधे योगेश के सीने में जाकर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से तुरंत ही घायल हो गए.
गोली की आवाज पर पहुंचे पुलिसकर्मी
गोली की आवाज सुनकर आसपास में रहने वाले पुलिसकर्मी तुरंत ही मौके पर पहुंच गए. जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने बिना किसी देरी के उन्हें तुरंत जालंधर के जोहल अस्पताल पहुंचाया. हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस पूरी घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
मामले में हो रही जांच
घटना को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस फायरिंग के पीछे कोई और भी कारण था या फिर यह सिर्फ एक दुर्घटना थी. सूत्रों की मानें तो आत्महत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है, हालांकि उसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है. मामले में अधिकारियों के नेतृत्व में जांच की जा रही है और उसके बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी.
यह भी पढ़ें- बिना निमंत्रण शादी में पहुंचा युवक! भीड़ ने पीट-पीटकर किया अधमरा; मौके पर पहुंची पुलिस
