उत्तराखंड के लिए 14 अप्रैल का दिन बेहद खास होने जा रहा है. इस दिन पीएम मोदी उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे. इसी दिन पीएम मोदी दिल्ली से देहरादून को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित आर्थिक गलियारे का उद्घाटन करेंगे. इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे. पीएम इसके साथ ही एक रोड शो करेंगे. साथ ही पीएम मोदी देहरादून के डाट काली मंदिर में भी ध्यान लगाएंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने कमान संभाल ली है.
उत्तराखंड में विकास की रफ्तार होगी तेज
इस मार्ग के शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच की दूरी तय करने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा. जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. माना जा रहा है कि इस परियोजना के शुरू होते ही उत्तराखंड में विकास की रफ्तार और तेज होगी.
सुरक्षा के व्यायक इंतजाम
सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. प्रशासन ने भी यात्रा को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं. चमोली जिले में जिलाधिकारी गौरव कुमार के अनुसार, श्रद्धालुओं के लिए आवास, पेयजल, स्वच्छता, बिजली और पार्किंग की पूरी व्यवस्था की जा रही है। 23 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर राज्य पूरी तरह तैयार है और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए उत्साहित है।
डाट काली में मां काली की पूजा
मिली जानकारी के अनुसार पीएम मोदी देहरादून के प्रसिद्ध डाट काली में जाकर मां काली के दर्शन कर सकते हैं. यह मंदिर क्षेत्र में बहुत श्रद्धा का केंद्र माना जाता है. यहां दूर-दूर से लोग पूजा करने आते हैं. पीएम मोदी के दौरे के देखते हुए डाट काली मंदिर के आसपास सुरक्षा घेरा अभी से टाइट है. मंदिर प्रशासन के अनुसार, पीएम यहां 5–10 मिनट तक दर्शन करेंगे.
पढ़िए पूरा शेड्यूल
मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10.30 जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे. फिर उसके बाद गणेशपुर उत्तर प्रदेश में उनका कार्यक्रम है, वहां पहुंचकर वह दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करेंगे, जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहेंगे. वहां से प्रधानमंत्री मोदी डाट काली मंदिर दर्शन करने पहुंचेंगे, जहां पर पहले से ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहेंगे.
पीएम मोदी का रोड शो
प्रधानमंत्री डांट काली दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ रोड शो डाट काली मंदिर से शुरू करेंगे. महिंद्रा ग्राउंड जहां पर प्रधानमंत्री की जनसभा है जिसमें दो लाख से ज्यादा लोग रहेंगे वहां तक लगभग 12 किलोमीटर का सफर तय करेंगे. फिर उसके बाद प्रधानमंत्री महिंद्रा ग्राउंड कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे. सबसे पहले दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और उसके बाद जनता को संबोधित करेंगे.
कार्यक्रम में दिखेगी उत्तराखंडी संस्कृति की झलक
सरकार इस कार्यक्रम को सिर्फ उद्घाटन तक सीमित नहीं रखना चाहती बल्कि इसे एक बड़े सांस्कृतिक आयोजन के रूप में भी प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है. इसके तहत उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति को मंच पर दिखाया जाएगा. जिसमें गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकनृत्य और लोकगीत प्रमुख रहेंगे. इस तरह यह आयोजन एक तरफ विकास का प्रतीक होगा तो दूसरी तरफ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी सामने लाया जाएगा.
सीएम धामी की जनता से खास अपील
पीएम मोदी के दौरे से पहले मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से अपील की है कि वे इस अवसर को एक उत्सव की तरह मनाएं. सीएम धामी ने कहा जब प्रधानमंत्री का काफिला निकले तो लोग सड़कों पर आकर उनका स्वागत करें. इस कार्यक्रम का हिस्सा बनें. साथ ही उन्होंने पूरे प्रदेश में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा है.
डाट काली मंदिर में साल 1804 से जल रही जोत
देहरादून का डाट काली मंदिर खास है. यहां साल 1804 से पवित्र जोत जल रही है. मां डाट काली मंदिर एक सिद्धपीठ भी है. जहां माता सती के शरीर के एक खंड गिरा था. मां डाट काली मंदिर का प्राचीन नाम मां घाटे वाली देवी था, लेकिन जब साल 1804 में मंदिर के पास मौजूद सुरंग बनी, उसके बाद इस मंदिर का नाम डाट काली मंदिर हो गया.मान्यता है कि कोई भी व्यक्ति जो मनोकामना लेकर यहां आता है, उसकी सभी मनोकामना पूरी होती है.
