महाराष्ट्र के पुणे में एक बिजनेसमैन ने अपनी ही पत्नी की घर में हत्या कर दी. जिसके बाद पुलिस को खुद सूचना देकर मौके पर बुलाया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में जांच को शुरू कर दिया है.
बिजनेसमैन ने की पत्नी की हत्या
महाराष्ट्र के पुणे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. पुणे के खड़की इलाके में एक बिजनेसमैन ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग इस घटना के बारे में सुनकर हैरान हैं. इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. व्यक्ति के ऊपर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी को घर के अंदर ही मार दिया है.
खुद दी पुलिस को जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पत्नी की हत्या करने के बाद में आरोपी ने खुद ही पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके मामले की जानकारी दी. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. खड़की इलाके के चिखलवाड़ी स्थित ओरियन कॉम्प्लेक्स में फ्लैट पर पहुंचकर पुलिस ने बेडरूम से महिला के शव को बरामद किया है.
बिजनेस में हो गया था नुकसान
आरोपी की पहचान 56 साल के दिलीप नांबुरी कंदाथिल के रूप में की गई है. वहीं मृत महिला की पहचान 53 साल की बिंदु कंदाथिल के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ समय से आरोपी आर्थिक संकट से जूझ रहा था. रियल एस्टेट के बिजनेस में उसका नुकसान होने के कारण उसके ऊपर काफी कर्ज हो गया था. जिसके चलते उसने अपनी पत्नी की कंबल से मुंह दबाकर हत्या कर दी.
दोनों के बीच होते थे झगड़े
आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच में विवाद होता रहता था. पत्नी को शक था कि दिलीप अपनी पिछली पत्नी के साथ अब भी संपर्क में है. इसी शक के कारण घर में झगड़े होते थे. आरोपी ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था, जिससे उसने गुस्सें में आकर यह खौफनाक कदम उठाया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
यह भी पढ़ें- रामपुर में भीषण सड़क हादसा! तेज रफ्तार कार में लगी आग, महिला और 2 साल के बेटे की मौत
