पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव के बाद कई नेताओं में नाराजगी दिख रही है. पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने घर पर समर्थकों की बैठक बुलाई है. इस बैठक को उनके शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है.

पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव
पंजाब कांग्रेस में इन दिनों अंदरूनी कलह नजर आ रहा है. पंजाब में पार्टी के आलाकमान द्वारा किए गए संगठनात्मक बदलाव और कमेटियों के अध्यक्षों और मेंबरों की नियुक्ति के बाद कई बड़े नेताओं में असंतुष्टि नजर आ रही है. चंडीगढ़ से सांसद और वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया पर खुलकर अपनी नाराजगी दिखाई है, वहीं कुछ नेता पर्दे के पीछे से भी पार्टी के आलाकमान पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
चरणजीत सिंह चन्नी ने बुलाई बैठक
जानकारी के मुताबिक पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आज रोपड़ के मोरिंडा में मौजूद अपने घर पर समर्थकों की बैठक को बुलाया है. इस दौरान वो अपनी अगली रणनीति की तैयारी कर सकते हैं. माना जा रहा है कि इस बैठक के दौरान चन्नी के समर्थक 40 विधानसभा क्षेत्रों के इंचार्ज भी आ सकते हैं. इस दौरान मालवा क्षेत्र से सबसे ज्यादा कार्यकर्ताओं के आने की उम्मीद दिखाई दे रही है.
शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा
इस बैठक को चरणजीत सिंह चन्नी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है. आपको बता दें कि पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव के कारण चरणजीत सिंह चन्नी के नाराज होने की खबरें हैं. कैंपेन कमिटी के अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त होने के बाद से चन्नी लगातार खामोश हैं. उन्होंने इसके बाद से मीडिया से भी दूरी बनाकर रखी हुई है. आपको बता दें कि कांग्रेस ने बीते दिनों पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है.
बीते दिनों हुए बड़े बदलाव
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव को लेकर कई समितियों के चेयरपर्सन, को चेयरपर्सन और पंजाब कांग्रेस के वर्किंग प्रेसिडेंट्स का ऐलान किया. इस बदलाव के दौरान चन्नी को कैंपेन कमेटी का चेयरपर्सन बनाया गया है. जिसको लेकर वे नाराज दिखाई दे रहे हैं. बदलाव करते हुए कांग्रेस ने साफ किया कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने रहेंगे.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी सीमा के पास IAF का बड़ा अभ्यास! 28 हजार फीट तक रिजर्व रहेगा एयरस्पेस; जारी हुआ NOTAM
