रिपब्लिक डे पर देश की राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर हर साल गणतंत्र दिवस परेड होती है. इस परेड में देश की सैन्य ताकत और संस्कृति का एक अनोखा संगम देखने को मिलता है. इस बार की परेड की थीम वंदे मातरम रखी गई है. कई लोग दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड देखना चाहते हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता होता है कि इसका टिकट कैसे और कहां मिलता है. इस रिपोर्ट में हम आपको गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए टिकट के बारे में बता रहे हैं.
कहां से खरीदें परेड के लिए टिकट?
देश में कई लोग ऐसे हैं, जो गणतंत्र दिवस परेड को सामने से देखना चाहते हैं, लेकिन उन्हें यहां जाने का प्रोसेस नहीं पता होता है. PIB पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, रिपब्लिक डे यानी 26 जनवरी पर गणतंत्र दिवस परेड और 28 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल और उसके बाद 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट के मुख्य समारोह होंगे. आप इन सभी कार्यक्रमों को देखने के लिए आधिकारिक वेबसाइट aamantran.mod.gov.in पर जाकर सीधे टिकट को खरीद सकते हैं.
कब तक मिलेंगे परेड के टिकट?
26 जनवरी पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए टिकटों की बिक्री 5 जनवरी से ही शुरू हो गई है. इन टिकटों की बिक्री 14 जनवरी तक होगी. अगर आप भी टिकट खरीदना चाहते हैं, तो 14 जनवरी तक खरीद सकते हैं, लेकिन एक बात का ध्यान रखें कि इन टिकटों की बिक्री हर दिन सुबह के 9 बजे से शुरू होगी और उस दिन के लिए तय की गई सीटों की संख्याओं के खत्म होने तक रहेगी.
कितने रुपए का मिलेगा यह टिकट?

कर्तव्य पथ पर होने वाली इस परेड को देखने के लिए आपको जो टिकट लेना होगा, उसकी कीमत 20 रुपए और 100 रुपए होती है. टिकट की कीमत में सीट की स्थिति और जगह के हिसाब से अंतर होता है. सबसे सस्ता टिकट आप 20 रुपए में ले सकते हैं. 28 जनवरी को होने वाले बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल का टिकट भी 20 रुपए का है और वहीं इसके अलावा 29 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम बीटिंग रिट्रीट के टिकट की कीमत 100 रुपये है.
दिल्ली में कहां मिलेंगे परेड के टिकट?
अगर आप वेबसाइट से टिकट न लेकर ऑफलाइन टिकट खरीदना चाहते हैं, तो इसके लिए दिल्ली में कई जगह पर काउंटर भी खोले गए हैं. ये सभी काउंटर सुबह के 10 बजे से दोपहर के 1 बजे तक खुलते हैं और इसके बाद में दोहपर के 2 बजे से 5 बजे तक खुले रहते हैं. दिल्ली में इन जगहों पर हैं ऑफलाइन टिकट काउंटर-
- सेना भवन (गेट नंबर 5)
- जंतर-मंतर (मेन गेट)
- संसद भवन रिसेप्शन
- शास्त्री भवन (गेट नंबर 3)
- राजीव चौक मेट्रो स्टेशन (D BLOCK)
- कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन
क्या दस्तावेज जरूरी?
अगर आप गणतंत्र दिवस परेड के लिए टिकट खरीद रहे हैं, तो आपको ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगहों पर अपका फोटो वाला पहचान पत्र बेहद जरूरी है. आपके पास आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट जैसे डॉक्यूमेंट्स में से एक चीज होनी जरूरी है.
यह भी पढ़ें- माता-पिता से मिलकर दी न्याय की गारंटी, अंकिता भंडारी मामले में CM धामी ने लिया बड़ा फैसला
