Rohit shetty house firing: मुंबई में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने ली है और सोशल मीडिया पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है. हमले के बाद रोहित शेट्टी ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और पुलिस मामले की जांच के साथ उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Rohit shetty house firing: मुंबई में मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है. इस हमले से फिल्म इंडस्ट्री में दहशत फैल गई है. बताया गया है कि यह फायरिंग लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने की है. घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया है. इस पोस्ट में हमले की जिम्मेदारी ली गई है. पोस्ट में साफ लिखा गया है कि रोहित शेट्टी को पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी. आरोप है कि उनसे कहा गया था कि वे उनके काम में दखल न दें. पोस्ट में यह भी लिखा गया है कि यह सिर्फ एक छोटा सा ट्रेलर है. साथ ही धमकी दी गई है कि अगर बात नहीं मानी गई तो अगली बार घर के बाहर नहीं, बल्कि बेडरूम में गोली मारी जाएगी. पोस्ट में पूरे बॉलीवुड को भी चेतावनी दी गई है.
शेट्टी टावर में हुई फायरिंग की ली जिम्मेदारी
सोशल मीडिया पोस्ट में कुछ लोगों के नाम भी लिखे गए हैं. इनमें शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरी बॉक्सर और हरमन संधू के नाम शामिल बताए गए हैं. पोस्ट की शुरुआत धार्मिक नारे के साथ की गई है. इसके बाद लिखा गया है कि मुंबई के शेट्टी टावर में हुई फायरिंग की जिम्मेदारी वही लोग ले रहे हैं. पोस्ट में यह दावा किया गया है कि रोहित शेट्टी को कई बार मैसेज भेजकर समझाया गया था. लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी. इसलिए उनके घर के बाहर फायरिंग की गई. पोस्ट में साफ कहा गया है कि अगली बार सीधी गोली उनके सीने पर मारी जाएगी. इस धमकी को बेहद गंभीर माना जा रहा है.
इस हमले के बाद रोहित शेट्टी ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. उन्होंने अगले दो दिनों तक कोई भी मीटिंग न रखने का फैसला किया है. उन्होंने अपने करीबी दोस्तों और फिल्मी साथियों से भी घर न आने को कहा है. खास तौर पर उन्होंने अजय देवगन जैसे करीबी दोस्तों को भी फिलहाल मिलने से मना किया है. सूत्रों के अनुसार रोहित शेट्टी इस समय मुंबई पुलिस के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं. उन्होंने अपना बयान दर्ज करा दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. उनके घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है. इसके बावजूद उन्होंने अपने दोस्तों से कहा है कि वे फिलहाल उनसे सिर्फ फोन और मैसेज के जरिए ही संपर्क रखें.
यह पहला मामला नहीं है जब किसी बड़े फिल्मी नाम को इस तरह निशाना बनाया गया हो. हाल के समय में बॉलीवुड और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के कई लोगों के घरों के बाहर फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. सलमान खान के घर के बाहर भी पहले फायरिंग की गई थी. उस मामले में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था. इस तरह की घटनाओं से फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. पुलिस लगातार ऐसे मामलों पर नजर रखे हुए है. फिर भी अपराधियों के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे हैं.

इतना ही नहीं. कनाडा में कपिल शर्मा के शो कैप्स कैफे के बाहर भी दो से तीन बार फायरिंग की घटनाएं हुई थीं. उन मामलों की जिम्मेदारी भी बिश्नोई गैंग ने ली थी. इसके अलावा एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के बाहर भी कई राउंड फायरिंग हुई थी. उस घटना की जिम्मेदारी वीरेंद्र चारण नाम के गैंगस्टर ने ली थी. पिछले साल यूट्यूबर एल्विश यादव के घर के बाहर भी फायरिंग कर डराने की कोशिश की गई थी. इन सभी घटनाओं से साफ है कि फिल्म और डिजिटल दुनिया से जुड़े लोग लगातार अपराधियों के निशाने पर बने हुए हैं.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
