russia ukraine war: रूस ने एक ही रात में 200 से ज्यादा ड्रोन से यूक्रेन के छह प्रांतों पर हमला किया, जिससे ऊर्जा ढांचे को भारी नुकसान हुआ और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. लगातार बढ़ते हमलों के बीच राष्ट्रपति जेलेंस्की ने हालात को गंभीर बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ज्यादा मदद और समर्थन की मांग की है.

russia ukraine war: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब चौथे साल में पहुंच चुका है. इस दौरान हालात और ज्यादा गंभीर होते जा रहे हैं. हाल के दिनों में रूस ने यूक्रेन पर हमलों की रफ्तार तेज कर दी है. खास तौर पर ड्रोन और मिसाइल हमलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है. सर्दियों की कड़ाके की ठंड के बीच रूस लगातार यूक्रेन के अहम ठिकानों को निशाना बना रहा है. इन हमलों से आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
ताजा हमले में रूस ने एक ही रात में 200 से ज्यादा ड्रोन दागे हैं. इन हमलों का असर यूक्रेन के छह बड़े प्रांतों में देखने को मिला है. सुमी, खार्किव, नीप्रो, जापोरिज्जिया, खमेलनित्स्की और ओडेसा में भारी नुकसान हुआ. कई रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचा है. ऊर्जा ढांचे को खास तौर पर निशाना बनाया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हालात पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा व्यवस्था पर भारी दबाव बना हुआ है. इसके बावजूद मरम्मत टीमें दिन-रात काम कर रही हैं. उन्होंने कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की. जेलेंस्की ने बताया कि हालात मुश्किल हैं, लेकिन बिजली और जरूरी सेवाओं को जल्द बहाल करने की कोशिश जारी है.
जेलेंस्की ने यह भी जानकारी दी कि सिर्फ एक हफ्ते में रूस ने 1300 से ज्यादा हमलावर ड्रोन दागे हैं. इसके अलावा करीब 1050 गाइडेड हवाई बम और 29 अलग-अलग तरह की मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया. लगातार हो रहे हमलों ने यूक्रेन की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है. इसी कारण राष्ट्रपति ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ज्यादा हथियार और मदद देने की अपील दोहराई है.
राजधानी कीव समेत कई बड़े शहरों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है. हीटिंग सेवाओं में भी कटौती करनी पड़ी है. ठंड के मौसम में इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है. जेलेंस्की ने बिजली और जरूरी उपकरणों के आयात को तेज करने के निर्देश दिए हैं. यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और यूक्रेन के अधिकारी मियामी में सुरक्षा गारंटी और युद्ध के बाद पुनर्निर्माण पर चर्चा कर रहे हैं.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
