सहारनपुर के जनपद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां पर एक ही मकान में 5 लोगों के शवों को बरामद किया है. घटना सरसावा के कौशिक थाना क्षेत्र की है. इस मामले के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. हालांकि, पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है. मृत लोगों की पहचान विद्यावती, कार्तिक, अशोक, देव और अजिता के रुप में की गई है.
गोली लगने से मौत
पुलिस की शुरू की जांच में मौत की वजह गोली लगना बताई जा रही है. हालांकि, अभी तक इस बात की जांच नहीं हो पाई है कि मामला हत्या है या आत्महत्या का. सभी जांच एंजेसियां मामले की जांच में जुटी हुई है. इसके अलावा सबूतों को भी जुटाया जा रहा है.
आत्महत्या की आशंका
SSP/DIG आशीष तिवारी(सहारनपुर) ने मामले की जानकारी देते हुए बताया की जब पुलिस मौके पर पहुंची थी तो 5 डेड बॉडी कमरे के अंदर से मिली थी. अशोक राठी पूरे परिवार के साथ घर पर थे. वह अमीन के पद पर तैनात थे. मृत लोगों मे वे, उनकी मां, पत्नी और दो बेटे हैं. वहीं, अशोक राठी के मृत शरीर के पास तीन कंट्री मेड पिस्टल मिले हैं. परिवार के सभी लोगों की मौत पॉइंट ब्लैक से गोली मारे जाने के कारण हुई है. पुलिस को प्रथम दृष्टि से यह मामला सुसाइड का लगा है. मौके पर पहुंची फॉरेसिंक टीम तथ्यों की अच्छे से जांच पड़ताल कर सबूत जुटाने में लगी है. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. पुलिस मामले की जांच हर एंगल से करने में लगी हुई है. जल्द ही मामले के पीछे की वजह का खुलासा किया जाएगा.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
हालांकि, मामले की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर दिखाई दी, जिसके बाद SP देहात सागर जैन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचते और इलाके को सील कर देते हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना हैं कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरीके से स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
हेल्पलाइन : जीवन अनमोल है. किसी को भी किसी भी कारण हताशा, निराशा या डिप्रेशन हो तो कोई भी गलत कदम उठाने से पहले सरकार के हेल्पलाइन नंबर +91 9630899002, +91 7389366696 पर संपर्क करें.
