Sambhal CO Viral Statement: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को लेकर भारत में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहा है. मुस्लिम समाज के लोग सड़कों पर आकर अमेरिका-इजरायल का विरोध कर रहे हैं. अब इसी को लेकर पीस कमेटी में संभल पुलिस ने सख्त चेतावनी दे दी है.
संभल जिले के सीओ कुलदीप कुमार ने सख्त संदेश दिया है. जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में सीओ कुलदीप कुमार कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाते की बात कर रहे हैं. उन्होंने सड़क पर नमाज, विदेशी मुद्दों पर नारेबाजी और माहौल बिगाड़ने वालों को लेकर अल्टीमेटम दिया है.
कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक
दरअसल, जिले में अलविदा जुमे और ईद के त्योहार को लेकर कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई. जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और शहर के गणमान्य लोगों ने शिरकत की. इस दौरान त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए कई जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए.
ईरान के लिए छाती पीटने वाले चले जाएं ईरान
इसी मीटिंग में सीओ कुलदीप ने कहा कि कुछ लोग ईरान के लिए छाती पीट रहे हैं कि ईरान को मार डाला, अगर इतना कुछ है तो चले जाओ ईरान. अगर उस झगड़े का हमारे देश में कानून व्यवस्था पर असर होगा तो हम बढ़िया वाला इलाज करेंगे. इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि जो रील बनाने के चक्कर में होगा उसकी हम रेल बना देंगे. हम सब त्योहार मनाने में आपके साथ हैं, लेकिन कोई एक आदमी सभी व्यवस्थाओं को आकर पलीता लगा दे ये हमें कतई बर्दाश्त नहीं है.
सीओ असमोली कुलदीप सिंह का कहना है कि नमाज केवल मस्जिद के अंदर ही पढ़ी जाएगी. प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया कि अगर किसी मस्जिद में अधिक भीड़ होती है तो एक ही स्थान पर दो बार नमाज पढ़ी जा सकती है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों या सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
इसके अलावा प्रशासन ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों जैसे ईरान या इजरायल के समर्थन में नारेबाजी या गुणगान करने की अनुमति नहीं होगी. ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सीओ ने कहा कि अगर किसी को किसी दूसरे देश से इतना ही लगाव है तो वह जहाज में बैठकर वहीं चला जाए. वहीं जाकर उनका समर्थन करें.
ये भी पढ़ें: वॉशिंगटन डीसी में लगा विवादित स्टैच्यू, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
