UP School Reopen: उत्तर प्रदेश में मंगलवार को स्कूली छात्रों की गर्मी की छुट्टियां खत्म हो गई हैं. राज्य के बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल आज यानी 16 जून से फिर से खुल गए हैं. स्कूल खुलने के साथ ही बच्चों की नियमित पढ़ाई भी शुरू हो गई है. कई स्कूलों में टीचरों ने विद्यार्थियों का रोली और टीका लगाकर स्वागत किया. पहले दिन मिड डे मील में खीर भी खिलाई जाएगी. शिक्षा विभाग के पूर्व निर्धारित कैलेंडर के अनुसार, 20 मई से शुरू हुई 27 दिनों की छुट्टियां 15 जून को पूरी हो चुकी हैं, जिसके बाद आज (16 जून 2026) से पूरे प्रदेश में स्कूल दोबारा नियमित रूप से खुलने जा रहे हैं.
पेयजल और बिजली की सुचारू व्यवस्था रखने के आदेश
राज्य के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और परिषदीय विद्यालयों में भीषण गर्मी के चलते घोषित किया गया समर वैकेशन खत्म हो गया है. बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रबंधनों को निर्देशित किया है कि स्कूल खोलने से पहले परिसरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं. वर्तमान में जारी उमस और गर्मी को देखते हुए स्कूलों में पीने के साफ पानी की पर्याप्त उपलब्धता, कक्षाओं में चलते हुए पंखे और बैठने की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही पहले ही दिन से मिड-डे मीलयोजना, प्रार्थना सभाएं और खेलकूद जैसी गतिविधियां भी सुचारू रूप से चलेंगी.
तय समय पर खुले स्कूल
आापको बता दें कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के कई शिक्षक संगठनों ने भीषण गर्मी और बड़ी संख्या में शिक्षकों की जनगणना कार्य व अन्य प्रशासनिक ड्यूटी में व्यस्तता का हवाला देते हुए छुट्टियों को 1 जुलाई तक बढ़ाने की मांग की थी. हालांकि, शासन की ओर से पूर्व घोषित तिथियों में कोई बदलाव नहीं किया गया और नियत समय पर ही शैक्षणिक सत्र को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया. वहीं, कई निजी और केंद्रीय विद्यालयों (जैसे पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय) में छुट्टियां चरणबद्ध तरीके से 18 जून के आसपास खत्म हो रही हैं.
कहां-कहां खुलने जा रहे हैं स्कूल?
यूपी के अलावा मध्य प्रदेश के भी स्कूल 16 जून से खुलने जा रहे हैं. इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी स्कूल 16 जून से खुल गए. तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 11-12 जून को ही गर्मी की छुट्टियां खत्म हो गई थी और आज यानी 15 जून से स्कूल पूरी तरह खुल चुके हैं.
