उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी है. तो वहीं, पत्नी के साथ रह रहे युवक पर तेजाब फेंक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. मामला चौक कोतवाली क्षेत्र, अजीजगंज मोहल्ले की बालाजी नगर कॉलोनी का है. घटना बुधवार होली के दिन की है. आरोपी की पहचान आरसी मिशन थाना क्षेत्र के रेती मोहल्ले निवासी मोहन पांडेय के रूप में की गई है.
विवाद के कारण रह रहे थे दोनों अलग
पुलिस की दी जानकारी के अनुसार आरोपी और उसकी पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण दोनों एक दूसरे से अलग रहने लगे थे. यहां तक की न्यायालय में दोनों के बीच तलाक का मामला विचाराधीन बताया जा रहा था. तलाक के मामले के बाद आरती अजीजगंज में बृजदीप नामक व्यक्ति के साथ में रहने लगी थी. इसी को लेकर आरती का पति काफी दिनों से नाराज चल रहा था.
होली के दिन सुबह 6 बजे दिया घटना को अंजाम
इसी नाराजगी में वह बुधवार की सुबह 6 बजे के आसपास अपने मुंह पर मुखौटा लगाकर आरती के घर गया. वह वहां दरवाजा खुलवाने की जिद करने लगा था, जिसके बाद आरती के दरवाजा खोलते ही उसने बृजदीप पर तेजाब फेंक दिया. वहीं, आरती के गले पर तेज धारदार हथियार से हमला किया, जिसकी वजह से उसकी मौके पर मौत हो गई. जानकारी के अनुसार घायल होने के बावजूद बृजदीप आरती को बचाने के लिए मोहन पांडेय पर पलटवार करता रहा.
कोतवाली थाना क्षेत्र की पुलिस को इस घटना की जानकारी मिलते ही आरती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, बृजदीप मेडिकल कॉलेज में गंभीर अवस्था में भर्ती कराया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपी की तालाशी में जुट गई है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में ब्रांडेड प्रोडक्ट्स का बड़ा खेल… एक्सपायर्ड प्रोडक्ट पर नई तारीख लगाकर बेचने वाला गिरोह गिरफ्तार
