तेलंगाना से एक बेहद अजीबोगरीब घटना सामने आई है. तेलंगाना के कामारेड्डी जिले से बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों की हत्या का मामला सामने आया है. इस मामले में जिले के मचारेड्डी पुलिस थाने में शिकायत को दर्ज किया गया है. इस पूरे मामले के बाद इलाके में पशु प्रेमियों और पशु कल्याण संगठनों में काफी ज्यादा चिंता बढ़ गई है.
तेलंगाना में गायब हुए 200 आवारा कुत्ते
तेलंगाना में आवारा कुत्तों से संबंधित एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. कामारेड्डी जिले में आवारा कुत्तों की सामूहिक हत्या की जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक बीते लगभग 2 से 3 दिनों के बीच में लगभग 200 आवारा कुत्तों को जहर वाला इंजेक्शन देकर इनकी हत्या कर दी गई है. इससे संबंधित शिकायत भी जिले के मचारेड्डी पुलिस थाने में दर्ज की गई है.
12 जनवरी को मिली थी कुत्तों की मौत की जानकारी
स्ट्रे एनिमल फाउंडेशन ऑफ इंडिया से जुड़े हुए अदुलापुरम गौतम ने 12 जनवरी 2026 को इसकी शिकायत दर्ज कराई है. अदुलापुरम गौतम एनिमल क्रुएल्टी प्रिवेंशन मैनेजर के तौर पर काम करते हैं. इन्होंने मामले कि शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि यह पूरी घटना पालवांचा मंडल में आने वाले कई गांवों में हुई है. उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को लगभग 3 बजे उन्हें इन कुत्तों की मौत की जानकारी मिली थी.
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में पूर्व नौसैना कर्मी से 17 लाख की ठगी, जापान ट्रिप के नाम पर आरोपी ने लिया पैसा, पुलिस ने दर्ज की शिकायत
5 गांव के सरपंचों के नाम आए सामने
इस मामले में आरोप है कि कुत्तों की हत्या संबंधित गांवों के सरपंचों के कहने पर की गई है. इस शिकायत में 5 गांव के सरपंचों के नाम लिए गए हैं. इन सरपंचों के अलावा किशोर पांडे नाम के एक व्यक्ति के ऊपर भी इस मामले में आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता के मुताबिक इस व्यक्ति को कुत्तों को मारने के लिए रखा था. बताया जा रहा है कि सभी कुत्तों को जहरीले इंजेक्शन दिए गए थे, जिसके कारण उनकी मौत हुई है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
शिकायतकर्ता के मुताबिक उसी दिन शाम के लगभग 6 बजे वे अपने दोस्त के साथ में भावनीपेट गांन गए थे, जहां पर मौजूद येल्लम्मा मंदिर के पीछे एक इलाके में कई कुत्तों के शव पड़े मिले थे. इस जगह पर कुत्तों के शव मिलने के बाद में कुछ दूसरे गांवों में भी इस तरह की घटनाओं का पता लगा. शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि शिकायतकर्ता से जानकारी मिलने के बाद में मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है.
