US tariffs on Russian oil: उदय कोटक की 2024 की भविष्यवाणी सच साबित हो रही है, क्योंकि अमेरिका रूसी तेल आयात पर 500% तक का टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है. इस कदम से भारत समेत कई देशों पर आर्थिक और कूटनीतिक दबाव बढ़ गया है.

US tariffs on Russian oil: कोटक महिंद्रा बैंक के चेयरमैन उदय कोटक की भविष्यवाणी अब सच होती नजर आ रही है. उन्होंने नवंबर 2024 में अमेरिका और डोनाल्ड ट्रंप को लेकर चेतावनी दी थी कि अमेरिका अपनी शक्ति का और अधिक उपयोग करेगा. गुरुवार को उदय कोटक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने पुराने ट्वीट को फिर से साझा करते हुए कहा कि उनका अनुमान अब सच साबित हो रहा है. उन्होंने बताया कि अमेरिका रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर कड़ा दंडात्मक टैरिफ लगाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है.
उदय कोटक ने अपने ट्वीट में लिखा कि अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी सैन्य, वित्तीय और तकनीकी शक्ति है. ट्रंप प्रशासन इस प्रभुत्व का अधिकतम लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा कि हर देश को इस स्थिति को पहचानना और उसके मुताबिक तैयार रहना चाहिए. उनका मानना है कि अमेरिका के फाइनेंस, व्यापार और जियो-पॉलिटिकल फैसलों पर पूरी दुनिया की नजर है, और यह प्रभाव भविष्य में और बढ़ सकता है.
इस बार अमेरिका ने रूसी तेल और ऊर्जा उत्पादों के आयात पर 500% तक का टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है. इसे रूस पर प्रतिबंध लगाने वाला अधिनियम 2025 कहा गया है. इस कानून के लागू होने की स्थिति तब होगी जब रूस शांति वार्ता में विफल रहता है, यूक्रेन पर आक्रमण करता है या वहां की सरकार को कमजोर करने की कोशिश करता है. इस प्रस्ताव के तहत रूसी तेल और बाकी ऊर्जा उत्पादों के आयात पर भारी शुल्क लगाया जाएगा.

भारत इस मामले में दबाव में है. 8 जनवरी को अमेरिका ने दो बड़ी घोषणाएं की हैं. एक तरफ ट्रंप प्रशासन ने रूस प्रतिबंध विधेयक का समर्थन किया और दूसरी तरफ अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) से अपनी वापसी की घोषणा की, जिसका नेतृत्व भारत कर रहा था. इससे भारत पर आर्थिक और कूटनीतिक दबाव बढ़ गया है, क्योंकि उसे अपने ऊर्जा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग संबंधों को संतुलित करना होगा.
विशेषज्ञ मानते हैं कि उदय कोटक की चेतावनी भविष्यवाणी जैसी साबित हो रही है. अमेरिका के इस कदम से कई देशों को ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में चुनौती का सामना करना पड़ सकता है. कोटक का मानना है कि अमेरिका की शक्ति का यह प्रयोग आने वाले समय में वैश्विक स्तर पर और साफ दिखाई देगा.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
