UP Police Leaves Cancel: होली के मद्देनजर उत्तर प्रदेश पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है. यूपी में पुलिस की होली की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई हैं. इसका निर्देश यूपी के DGP राजीव कृष्ण ने जारी कर दिए हैं. पुलिस की छुट्टियां एक से सात मार्च तक रद्द कर दी गई है. प्रदेश के सभी डीजी, एडीजी, आईजी और डीआईजी के साथ एसएसपी को ये निर्देश जारी कर दिए गए हैं. त्योहार पर खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. पुलिस अफसरों को सोशल मीडिया पर नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा गया है.
पुलिसकर्मियों की छुट्टियां कैंसिल
बता दें कि उत्तर प्रदेश में हिंदुओं के बड़े त्योहार होली को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. त्योहार को देखते हुए यूपी पुलिस के अफसरों और जवानों की सभी छुट्टियां कैंसिल हो गई हैं. 1-7 मार्च तक की सारी छुट्टियां रद्द हो गई हैं. केवल आपातकालीन स्थितियों में ही वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति से अवकाश मिल सकेगा.
सभी जिलों में निगरानी
यूपी के डीजीपी के आदेश के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और होली में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है. डीजीपी के निर्देश के मुताबिक यूपी के सभी जिलों में खास निगरानी रखी जा रही है. पुलिस की पूरी उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए ये कदम उठाया गया है.
सोशल मीडिया पर नजर
राजीव कृष्ण ने कहा है कि होली के मद्देनजर खास सावधानी बरती जाए. किसी भी तरह का विवाद होने पर दोनों पक्षों से बातचीत कर समय से सुलझा लिया जाए. इस दौरान मिलने वाली कोई भी छोटी सूचना मिले तो उस पर ध्यान दें. पूरी सावधानी के साथ एक्शन लिया जाए. प्रदेश में सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म की भी अच्छे से निगरानी की जाए. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी. डीजीपी की तरफ से जारी हुए निर्देशों में सभी डीजी, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी को साफ तौर से बताया गया है कि वे अपने-अपने इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रखें. साथ ही, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी करने, फ्लैग मार्च और पीस कमेटी की बैठकों को सक्रिय करने के भी निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: गाजियाबाद का कुख्यात शूटर कल्लू आगरा पुलिस की गोली से ढेर, 50 हजार के इनामी पर दर्ज थे कई मुकदमे
