UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिसके चलते अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना है. विशेष रूप से उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
लखनऊ का मौसम
वहीं अगर राजधानी लखनऊ की बात करें, तो यहां बादलों की आवाजाही के बीच उमस का असर रहेगा, जहाँ अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.
यूपी के इन जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज (13 जुलाई) को प्रदेश के जिन प्रमुख जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है, उनमें शामिल हैं,
महराजगंज, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, कुशीनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, एटा, मैनपुरी, देवरिया, महामाया नगर (हाथरस), कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज.
पूर्वांचल के लोग रहें सावधान
पूर्वी यूपी के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के 7 जिलों में तेज बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं, देवरिया,
गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर,बलरामपुर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर.
भारी बारिश से खड़ी हो सकती हैं ये मुश्किलें
मौसम वैज्ञानिकों ने आगाह किया है कि इस तेज बारिश के चलते निचले इलाकों और सुरंगों (अंडरपास) में भारी जलजमाव हो सकता है. इसके अलावा कच्चे मकानों/ढांचों को नुकसान, बिजली गुल होने की समस्या और सड़क यातायात में रुकावट आ सकती है. मौसमी नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने से बागवानी और नई फसलों को भी हल्का नुकसान पहुँचने की आशंका है.
मौसम विभाग की खास सलाह और गाइडलाइन
बदलते मौसम को देखते हुए विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे तेज बारिश और आकाशीय बिजली कड़कने के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें.अचानक जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और सुरक्षित या पक्के मकानों में ही शरण लें. बिजली कटने की स्थिति के लिए पहले से वैकल्पिक व्यवस्था (जैसे पावर बैंक, टॉर्च) तैयार रखें. मौसमी नदी-नालों और खतरे के निशान के पास बह रही नदियों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें. जलभराव वाले गड्ढों, पोखरों या ऐसे तालाबों में नहाने से बचें जहाँ बाहर से तेज पानी आ रहा हो.
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश: घर के ड्रम में मिला कोबरा का पूरा कुनबा, 25 कोबरा का घंटों तक चला रेस्क्यू
